
एमवी कॉन्वेंट स्कूल एंड कॉलेज में वार्षिक समारोह का हुआ आयोजन
Kausambi News - एमवी कॉन्वेंट स्कूल एंड कॉलेज पुरामुफ्ती में बुधवार रात को वार्षिकोत्सव का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की थीम 'विरासत' रही, जिसमें विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति और देशभक्ति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। मुख्य अतिथि डॉ. मधुपति ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।
एमवी कॉन्वेंट स्कूल एंड कॉलेज पुरामुफ्ती में विद्यालय का वार्षिकोत्सव बुधवार रात को हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की थीम ‘विरासत’ रही। इसमें विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, देशभक्ति एवं सामाजिक जागरूकता पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय की चेयरपर्सन डॉ. मधुपति (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) उपस्थित रही। समारोह में बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सेना पर आधारित एक भावनात्मक प्रस्तुति ने सभी दर्शकों को भावुक कर दिया और कई लोगों की आंखें नम हो गईं। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने सामाजिक मुद्दों पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियों (स्किट) के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया।
विशेष रूप से सोशल मीडिया जागरूकता एवं यातायात नियमों पर आधारित स्किट को दर्शकों ने खूब सराहा। बच्चों ने संदेश दिया कि ‘हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाना चाहिए’, जिसने अभिभावकों का दिल जीत लिया। यह पहल कार्यक्रम की सबसे सराहनीय प्रस्तुतियों में से एक रही। मुख्य अतिथि डॉ. मधुपति ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों में संस्कार, देशप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। विद्यालय द्वारा ‘विरासत’ जैसी सार्थक थीम पर कार्यक्रम आयोजित करना अत्यंत प्रशंसनीय है। इस मौके पर विशिष्ट अतिथियों में प्रगति आर्या मैम एवं आकृति आर्या मैम शामिल रहीं। साथ ही एमवी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के सभी प्रधानाचार्यगण, अभिषेक चतुर्वेदी एवं अनुभा शर्मा की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे और बच्चों की प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




