रिद्धि सिद्धि ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में मदर्स-डे का भव्य आयोजन
रिद्धि सिद्धि ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के तहत केपीएस भरवारी, केपीएस भीटी और एनडी कॉन्वेंट स्कूल द्वारा मदर्स डे का भव्य आयोजन रिद्धि सिद्धि रिजॉर्ट में किया गया। कार्यक्रम में मातृत्व को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि सपना गुप्ता थीं। छात्रों ने उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से माताओं का दिल जीत लिया। कार्यक्रम की प्रशंसा सभी ने की।

रिद्धि सिद्धि ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस अंतर्गत संचालित विद्यालयों, केपीएस भरवारी, केपीएस भीटी एवं एनडी कॉन्वेंट स्कूल भरवारी द्वारा संयुक्त रूप से मदर्स डे सेलिब्रेशन का भव्य आयोजन रिद्धि सिद्धि रिजॉर्ट फेस-2 में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मातृत्व के सम्मान, प्रेम और त्याग को भावपूर्ण प्रस्तुतियों के माध्यम से याद किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि संस्थान की वाइस चेयरपर्सन सपना गुप्ता रहीं।
विशिष्ट अतिथि
उनके साथ उनकी दोनों बेटियां रिद्धि और सिद्धि भी उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में संस्थान के चेयरमैन एवं पूर्व विधायक चायल संजय कुमार गुप्ता कार्यक्रम में मौजूद रहे। संस्थान के फाउंडर देव गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम में सबसे पहले हमदा, यशिता, अनाया, निष्ठा, नैन्सी एवं शुभेच्छा ने बेहद आकर्षक प्रस्तुति देकर उपस्थित माताओं का दिल जीत लिया।
संगीतमय प्रस्तुतियाँ
इसके बाद एनडी कॉन्वेंट स्कूल के छात्र अथर्व मौर्य ने ‘मेरी मां’ गीत प्रस्तुत कर मां के प्रति प्रेम और सम्मान की सुंदर अभिव्यक्ति दी। संगीतमय प्रस्तुतियों की शृंखला में कक्षा चार के छात्र प्रत्युष कुशवाहा ने इंस्ट्रुमेंटल धुन प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत सुव्यवस्थित एवं भव्य ढंग से किया गया, जिसकी सभी अभिभावकों एवं अतिथियों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
संस्थान के विचार
इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन संजय कुमार गुप्ता ने अपने संदेश में कहा कि मां केवल एक शब्द नहीं बल्कि संपूर्ण जीवन की आधारशिला होती है। बच्चों के संस्कार, सफलता और व्यक्तित्व निर्माण में मां की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होती है। निदेशक सीमा पवार ने कहा कि मदर्स डे केवल एक उत्सव नहीं बल्कि मां के त्याग, समर्पण और निस्वार्थ प्रेम को सम्मान देने का विशेष अवसर है। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के शिक्षक, शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


