परिषदीय विद्यालयों में बढ़ रही नौनिहालाओं के लिए सुविधाएं
Kausambi News - उत्तर प्रदेश में बेसिक शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के तहत स्कूलों में हाईटेक मेज-कुर्सियां प्रदान की गई हैं। सिराथू और कड़ा ब्लॉक के विद्यालयों में 240 बच्चों के लिए 80 कंबाइंड मेज-कुर्सियां उपलब्ध कराई गई हैं। इससे छात्रों को बेहतर पढ़ाई का माहौल मिलेगा।
शासन द्वारा बेसिक शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ और आधुनिक बनाने की दिशा में लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। विद्यालयों को बेहतर सुविधाओं से लैस करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ अभियान के तहत अब परिषदीय विद्यालयों में भी कॉन्वेंट और पब्लिक स्कूलों जैसी व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को सिराथू और कड़ा ब्लॉक के दर्जनों उच्च प्राथमिक विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को हाईटेक मेज-कुर्सियां मुहैया कराई गई हैं। कड़ा ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय सौरई बुजुर्ग को भी 240 बच्चों के बैठने के लिए 80 कंबाइंड एल्यूमिनियम मेज-कुर्सियों की सौगात मिली है।
लखनऊ से भेजी गई हाईटेक सीटें शुक्रवार सुबह विद्यालय पहुंचीं। इन सीटों की खासियत यह है कि एक सेट पर तीन छात्र आराम से बैठकर पढ़ाई कर सकते हैं। मेज और कुर्सी को एक साथ जोड़कर तैयार किया गया है तथा नीचे बैग व लंच बॉक्स रखने की भी व्यवस्था की गई है, जिससे बच्चों को पढ़ाई के दौरान सुविधा मिलेगी। विद्यालय में लगभग 240 छात्रों के बैठने की व्यवस्था के लिए 80 कंफर्मेज मेज-कुर्सियां उपलब्ध कराई गई हैं। शिक्षकों के अनुसार एक मेज-कुर्सी सेट की कीमत लगभग पांच से छह हजार रुपये के बीच है। पहले कई विद्यालयों में छात्र जमीन या टाट-पट्टी पर बैठकर पढ़ाई करते थे, लेकिन अब उन्हें भी पब्लिक स्कूलों की तरह बेहतर माहौल मिल सकेगा। जिले के विद्यालयों के स्टाफ और छात्रों ने कहा कि यदि इसी तरह सुविधाएं बढ़ती रहीं तो परिषदीय विद्यालय भी संसाधनों और सुविधाओं के मामले में कॉन्वेंट व पब्लिक स्कूलों जैसे हो जाएंगे।खंड शिक्षा अधिकारी सिराथू डॉ. प्रज्ञा सिंह ने कहा कि इससे सरकारी स्कूलों के बच्चों को भी बेहतर वातावरण में पढ़ने का अवसर मिलेगा और उनका मन पढ़ाई में अधिक लगेगा। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी कड़ा नीरज उमराव ने बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से उच्च प्राथमिक विद्यालयों के लिए भेजी गई हाईटेक मेज-कुर्सियों का सत्यापन कराया जा रहा है। सत्यापन के बाद जल्द ही सभी विद्यालयों में बच्चों को इन मेज-कुर्सियों पर बैठाकर पढ़ाई शुरू कराई जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


