बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाएगी प्रदर्शनी : डीएम
Kausambi News - डीएम डॉ.अमित पाल ने शुक्रवार को सचल विज्ञान प्रदर्शनी बस को कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह बस गांव-गांव जाकर प्रदर्शनी के माध्यम स
मंझनपुर, संवाददाता। डीएम डॉ.अमित पाल ने शुक्रवार को सचल विज्ञान प्रदर्शनी बस को कलक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह बस गांव-गांव जाकर प्रदर्शनी के माध्यम से बच्चों में वैज्ञानिक सोच पैदा करने का काम करेगी। प्रदर्शनी बस को हरी झंडी दिखाते हुए उन्होंने कहा कि इस प्रकार की सचल विज्ञान प्रदर्शनी से निश्चित ही ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि एवं जिज्ञासा उत्पन्न होगी। समाज के विकास के लिए लोगों में वैज्ञानिक सोच का होना आवश्यक है। विद्यार्थियों के लिए विज्ञान के सिद्धांतों के साथ ही उनसे संबंधित प्रयोगों की जानकारी बहुत ही अहम है।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार ने कहा कि सचल विज्ञान प्रदर्शनी छात्रों एवं आम जनता के लिए बहुत ही शिक्षाप्रद है। जिसमें विज्ञान संबंधी उच्च स्तर के मॉडल प्रस्तुत किए गए हैं। मौके पर मौजूद रहे समन्वयक जिला विज्ञान क्लब वसीम अहमद ने बताया कि सचल विज्ञान प्रदर्शनी में उज्जवल भविष्य के लिए ऊर्जा बचाएं विषय पर आधारित 20 स्वचलित व हस्त चलित प्रदर्श (मॉडल) लगे हुए हैं, जिसको विद्यार्थी स्वयं करके सीखेंगे। इस प्रदर्शनी में विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सिद्धांतों पर आधारित वैज्ञानिक व्याख्यान एवं वैज्ञानिक फिल्म दिखाई जाएगी। यह भी बताया कि सचल प्रदर्शनी बस कलेक्ट्रेट से रवाना होकर सर्वप्रथम धर्मा देवी इंटर कॉलेज के बच्चों के लिए भेजी गई है। इसी प्रकार विभिन्न 14 विद्यालयों में प्रदर्शनी का आयोजन करते हुए चार फरवरी को राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय भरसवा में इसका समापन किया जाएगा। आंचलिक विज्ञान नगरी लखनऊ के तत्वावधान में ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में विज्ञान को लोकप्रिय बनाने तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में हो रहे विकास के प्रति विद्यार्थियों एवं आम जनमानस में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सचल विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन नौ जनवरी से चार फरवरी क मध्य जिले के 14 विद्यालयों में आयोजित की जा रही है। इस अवसर पर वित्त एवं लेखाधिकारी विनय कुमार प्रजापति एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य नीरज केसरी उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




