दुष्कर्म का आरोपी वीडियो भेजा गया जेल, होगा निलंबित
Kausambi News - मंझनपुर के बंथरी गांव निवासी वीडीओ को पुलिस ने मेडिकल कॉलेज से गिरफ्तार किया। प्रयागराज की युवती ने उसके खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। वीडीओ के लापता होने के बाद उसके भाई को व्हाट्सएप पर सुसाइड नोट भेजा गया था। अदालत ने उसे जेल भेज दिया है और विभागीय निलंबन की प्रक्रिया शुरू की है।
मंझनपुर, संवाददाता। नाटकीय अंदाज में लापता हुए सरायअकिल के बंथरी गांव निवासी वीडीओ (ग्राम विकास अधिकारी) को शनिवार सुबह पुलिस ने मेडिकल कॉलेज से गिरफ्तार कर लिया। लिखापढ़ी के बाद उसका चालान कर दिया गया है। अदालत ने उसको जेल भेज दिया है। उस पर प्रयागराज की युवती ने दुष्कर्म का मुकदमा कायम कराया था। इसके पहले युवती की ओर से शादी का दबाव बनाए जाने पर छोटे भाई को व्हाट्एप पर सुसाइड नोट भेजकर वह गायब हुआ था। वहीं, विभागीय अफसरों ने उसके निलंबन की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। बंथरी गांव निवासी राम गोविंद ग्राम विकास अधिकारी है।
इन दिनों उसकी तैनाती कौशाम्बी ब्लॉक में है। 12 दिसंबर को वह संदिग्ध दशा में लापता हो गया था। दूसरे दिन उसके मोबाइल नंबर से छोटे भाई शिव गोविंद को व्हाट्सएप पर सुसाइड नोट भेजा गया था। इसमें लापता वीडीओ के हवाले से प्रयागराज की युवती पर ब्लैक मेलिंग का आरोप लगाया गया था। लिखा गया था कि उसकी मौत की जिम्मेदार वही युवती और डायरेक्टर कन्हैया लाल (पता अज्ञात) होंगे। मामले में लापता वीडीओ के भाई की तहरीर पर मुकदमा कायम हुआ था। 16 दिसंबर को वीडीओ कनैली गांव के समीप सड़क किनारे नहर में पड़ा मिला था। इस पर उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। 17 दिसंबर को आरोपी युवती भी सामने आई। उसने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि सालभर से फेसबुक के जरिए वह वीडीओ के संपर्क में थी। 14 फरवरी 2025 को शादी का झांसा देकर वीडीओ ने चित्रकूट के होटल में उसके साथ दुराचार किया था। 12 दिसंबर को लापता होने के दिन भी वीडीओ ने धमकी दी थी। दुराचार के इसी आरोप में वीडीओ को जेल भेजते हुए पुलिस ने पूरे घटनाक्रम का पटाक्षेप किया है। साथ ही विभाग ने वीडीओ को निलंबित करने की तैयारी शुरू कर दी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




