फिल्मी अंदाज में भैंस चोरी, ग्रामीणों ने दौड़ाकर वाहन पकड़ा, चार शातिर फरार
Kausambi News - चरवा थाने के चक बादशाहपुर गांव में आधी रात को भैंस चोरी की घटना हुई। चोरों ने भैंस को चार पहिया वाहन में लादने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उनका पीछा किया। चोर भाग गए, लेकिन भैंस सुरक्षित बरामद कर ली गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

चरवा थाने के चक बादशाहपुर गांव में आधी रात हुई भैंस चोरी की घटना ने ग्रामीणों को सकते में डाल दिया। चोरों ने सुनियोजित तरीके से घर के सामने बंधी भैंस को चार पहिया वाहन में लादकर फरार होने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों की तत्परता से उनका मंसूबा पूरी तरह सफल नहीं हो सका। पीछा किए जाने पर चोर वाहन छोड़कर भाग निकले, जबकि चोरी गए पशु सुरक्षित बरामद कर लिए गए। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। चक बादशाहपुर गांव निवासी चन्द्रभूषण ने बताया कि सोमवार रात उनकी भैंस घर के सामने बंधी थी।
इसी दौरान आधी रात में चोर लाल रंग की चार पहिया गाड़ी में भैंस लादकर भागने लगे। आहट मिलते ही परिजन जाग गए और शोर मचाते हुए पीछा शुरू कर दिया। पीछा करने के दौरान रास्ते में रामदयालपुर निवासी रामचन्द्र यादव और गढ़वा उदाथू निवासी गोरेलाल यादव भी मिल गए। दोनों ने बताया कि उनके यहां से भी भैंस और पड़िया चोरी हुई है। इसके बाद ग्रामीण एकजुट होकर चोरों के पीछे लग गए। पकसराई गांव के पास दबाव बढ़ता देख चोर वाहन छोड़कर पहले से तैयार दो पहिया वाहन से चार लोग फरार हो गए। ग्रामीणों ने काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन आरोपी तूतीपुर के पास अंधेरे का फायदा उठाकर गायब हो गए। पीड़ितों के अनुसार फरार आरोपियों की पहचान पप्पू पुत्र मुस्तफा निवासी पचम्भा, वसीम पुत्र सगीर व रईश पुत्र जहीर निवासी तूतीपुर और गुड्डू निवासी रहीमपुर मौलानी के रूप में हुई है। छोड़े गए वाहन से चन्द्रभूषण और रामचन्द्र की भैंस ऐसे गोरेलाल की पड़िया सकुशल बरामद कर ली गई है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरु कर दी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


