Kausambi News: शीशम का पेड़ पोल से अटका, हादसे की आशंका
Kausambi News: म्योहर गांव के पास अस्थायी गोशाला के पास गिरा एक विशाल शीशम का पेड़ विद्युत पोल के सहारे अटका है। वन विभाग ने सड़क की लकड़ी काटकर रास्ता साफ कर दिया है, लेकिन पेड़ को पोल से नहीं हटाया गया है। इससे राहगीरों को खतरा है, जबकि डीएफओ ने संबंधित कर्मचारियों को तुरंत भेजने का आश्वासन दिया।
Kausambi News: अस्थायी गोशाला के पास तीन दिन पहले गिरा विशाल शीशम का पेड़ बिजली के पोल के सहारे अटका है। जानकारी होने पर वन विभाग के जिम्मेदारों से सड़क की लकड़ी कटवाकर रास्ता तो खुलवा दिया पर पेड़ को पोल से नहीं हटवाया। ऐसे में कभी भी पेड़ पोल सहित सड़क पर गिरकर राहगीरों को शिकार बना सकता है। मंझनपुर रेंज अन्तर्गत म्योहर गांव स्थित गोशाला के पास गुरुवार को हो रही तेज बारिश के दौरान शीशम का विशाल पेड़ गिरकर विद्युत पोल के सहारे टिक गया। पेड़ गिरने के बाद वन विभाग व स्थानीय लोगों ने सड़क के हिस्से की लकड़ी काटकर रास्ता साफ कर दिया।
इससे आवागमन तो शुरू हो गया पर राहगीरों के सिर खतरा मंडरा रहा है। बेनीराम-कटरा करारी सड़क किनारे गिर पेड़ पूरी तरह से विद्युत तार व पोल पर टिका हुआ है। ऐसे में पोल टूटा तो शीशम का पेड़ सड़क पर आ जायेगा। बता दें कि बेनीराम कटरा से करारी-मंझनपुर जाने वाली सड़क व्यस्ततम सड़कों में से एक है। ऐसे में बड़े हादसे की सम्भावना बनी हुई है। जिम्मेदार हैं कि पोल पर टिके शीशम के पेड़ को हटवाने का नाम ही नहीं ले रहे हैं।डीएफओ अजय पांडेय का कहना है कि मामले की जानकारी नहीं थी। ऐसा है तो फौरन विभागीय कर्मचारियों को भेजकर पेड़ को कटवाते हुए राहगीरों का आवागमन सुरक्षित करा दिया जाएगा।


