परमा एकादशी पर कड़ा धाम में श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी

हिन्दुस्तान, कौशाम्बी
Follow us on Google News
share

परमा एकादशी के अवसर पर कड़ा धाम में श्रद्धालुओं की संख्या भारी रही। भक्त सुबह चार बजे से मां गंगा के जल में स्नान करने और भगवान विष्णु की पूजा करने पहुंचे। भक्तों ने मां शीतला के दरबार में अर्पित किए गए नारियल व पुष्प के साथ परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

परमा एकादशी पर कड़ा धाम में श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी

परमा एकादशी के पावन अवसर पर गुरुवार को शक्तिपीठ कड़ा धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जनपद के अलावा फतेहपुर, प्रतापगढ़ आदि आसपास के जिलों से पहुंचे हजारों भक्तों ने भोर चार बजे से ही धाम के कुबरी घाट, कालेश्वर घाट समेत विभिन्न गंगा घाटों पर पहुंचकर मोक्षदायिनी मां गंगा के जल में आस्था की डुबकी लगाई और मां गंगा एवं भगवान विष्णु का पूजन-अर्चन किया। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालु मां शीतला के दरबार पहुंचे, भक्तों ने मां को नारियल चुनरी पुष्प प्रसाद अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं कुशलता की कामना की। बहुत से श्रद्धालुओं ने अपने घरों में सत्यनारायण भगवान की कथा का आयोजन कर परिवार की उन्नति, सुख-शांति और निरोगी जीवन की प्रार्थना की।

गंगा तट के तीर्थ पुरोहित प्रमोद पांडेय ने बताया कि अधिक मास के कृष्ण पक्ष में आने वाली परमा एकादशी का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन गंगा स्नान, व्रत और भगवान विष्णु की आराधना करने से पापों का नाश होता है तथा घर-परिवार में सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी कड़ा धाम विनीत सिंह के नेतृत्व में घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल और गोताखोरों की तैनाती की गई थी, जिससे पूरे दिन श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में पूजा-अर्चना करते रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।