आग से धू-धू कर जले पुलिस चौकी के बाहर खड़े वाहन
महगांव पुलिस चौकी के बाहर रविवार को भीषण आग लग गई। सीज की गई गाड़ियों में आग लगने से दो कारें, एक अप्पे और एक टेंपो पूरी तरह जल गए। आग बुझाने के लिए दमकल टीम ने एक घंटे तक मेहनत की। पुलिस आग के कारणों की जांच कर रही है, जिसमें संदिग्ध परिस्थितियों की संभावना जताई गई है।
संदीपनघाट थाना क्षेत्र की महगांव पुलिस चौकी के बाहर रविवार दोपहर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। चौकी परिसर में खड़ी सीज की गई गाड़ियों में अचानक आग भड़क उठी, जिससे दो कारें, एक अप्पे और एक टेंपो पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग की लपटें काफी तेजी से फैलीं। यह देख हाईवे किनारे खड़े लोग संभावित बड़ी दुर्घटना के डर से दूर हट गए। आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग बुझाने के दौरान कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन सीज वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। थाना प्रभारी इंद्रदेव ने बताया कि सीज गाड़ियों में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने की आशंका है। पुलिस ने आग के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इसमें किसी की संलिप्तता है या शॉर्ट सर्किट जैसी कोई तकनीकी वजह, हर पहलू पर गौर किया जा रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


