भरवारी। हिन्दुस्तान संवाद
भरवारी नगर पालिका कार्यालय में शुक्रवार को विधायक ने नए साल पर लोगों से जनसंवाद किया। इसकी जानकारी होते ही दर्जनों वार्ड की महिलाएं वहां पहुंच गईं। उनको किसी ने बता दिया था कि कंबल का वितरण होगा। कंबल लेने के लिए महिलाओं की भीड़ देखकर नगर पालिका कर्मचारियों के होश उड़ गए। किसी तरह कर्मचारियों ने गेट बंद कराया। इसके बाद भी भीड़ नहीं हटी तो पुलिस बुलाई गई। पुलिस ने महिलाओं को वापस भेजा।
चायल विधायक संजय गुप्ता ने शुक्रवार को भरवारी नगर पालिका में जनसंवाद किया। लोगों से सीधे रूबरू होकर उनकी समस्याएं पूछी। इसकी जानकारी होते ही अमहा, चमंधा, भटपुरवा, महेशपुर, बेलहा, रमचौरा, परसरा, सईगंज, भरवारी गौरा आदि वार्डों की सैकड़ों महिलाएं वहां पहुंच गईं। महिलाओं को सूचना दी गई थी कि शुक्रवार को कंबल का वितरण होगा। महिलाएं कंबल लेने की आस में वहां जुटने लगीं। भीड़ देखकर कर्मचारियों के होश उड़ गए। नगर पालिका कर्मचारियों ने भीड़ रोकने के लिए गेट बंद करा दिया। इसके बाद भी महिलाएं नहीं हट रही थीं। इस पर पुलिस बुलानी पड़ी। महिला सुनीता देवी, राजकुमारी, रामकली, फूलकली, शांती देवी, प्रभा देवी, बेलपतिया आदि लोगों ने बताया कि उनको यही बताया गया था कि कंबल बंटेगा, इसलिए वह आई थीं। पुलिस ने महिलाओं को वापस भेजा। वहीं दर्जनों महिलाएं कंबल न मिलने पर निराश होकर शाम को लौटीं।