राम नाम कीर्तन के समापन पर हुआ विशाल भंडारा
Kausambi News - कड़ा ब्लॉक के कोरियों गांव स्थित बरम बाबा आश्रम में राम नाम कीर्तन का आयोजन किया गया। इसमें सैकड़ों श्रद्धालु भक्त शामिल हुए। कीर्तन समापन पर भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने प्रसाद लिया। महंत फरसा बाबा के नेतृत्व में पूजा-अर्चना एवं हवन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की गई।

अटसराय, हिन्दुस्तान संवाद कड़ा ब्लॉक के कोरियों गांव स्थित बरम बाबा आश्रम में पिछले कई दिनों से राम नाम कीर्तन का आयोजन किया जा रहा था। आश्रम में प्रतिदिन सुबह एवं शाम क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु भक्त पहुंचकर राम-राम के कीर्तन में सहभागिता करते रहे। शुक्रवार को कीर्तन समापन पर भंडारे का आयोजन हुआ जिसमें सैकड़ों की संख्या में लोगों ने प्रसाद पाया। कड़ा धाम स्थित नागा आश्रम के महंत फरसा बाबा के नेतृत्व में ग्रामीणों द्वारा बरम बाबा देव स्थल पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे से पूर्व श्रद्धालु भक्तों एवं साधु-संतों द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना व आरती की गई।
इसके बाद हवन का आयोजन कर जनकल्याण की भावना से क्षेत्र, समाज एवं देश की सुख समृद्धि की कामना करते हुए प्रभु श्रीराम से मंगलकामना की गई। हवन-पूजन के पश्चात आयोजित विशाल भंडारे में कड़ा क्षेत्र के दर्जनों गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम को नमन करते हुए प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे के दौरान साधु-संतों द्वारा भजन-कीर्तन भी किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। कोरियों गांव निवासी समाजसेवी सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि बरम बाबा की कुटिया में प्रत्येक वर्ष राम नाम कीर्तन का आयोजन किया जाता है तथा समापन पर विशाल भंडारा कराया जाता है। इस भक्ति कार्यक्रम में क्षेत्र के लोग बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं और अपने घर-परिवार की सुख-शांति एवं कुशलता की कामना करते हैं। हवन पूजन एवं भंडारे के दौरान पूरा आश्रम प्रभु श्रीराम के जयकारों से गुंजायमान रहा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



