
होने वाली समधन को दिल दे बैठा बहू देखने गया अधेड़
Kausambi News - फतेहपुर का एक अधेड़ अपने बेटे के लिए बहू देखने कौशाम्बी आया था, जहां उसकी होने वाली समधन से प्यार हो गया। पत्नी को जानकारी मिली तो हंगामा हुआ। महिला थाने में पंचायत हुई और दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया, जिसमें अधेड़ ने भविष्य में समधन से कोई संबंध न रखने का वादा किया।
बेटे के लिए बहू देखने कौशाम्बी आए फतेहपुर के एक अधेड़ को होने वाली समधन से प्यार हो गया। इसकी जानकारी उसकी पत्नी को हुई तो हंगामा खड़ा हो गया। मामले की शिकायत पर महिला थाने में घंटे भर तक पंचायत हुई। इसके बाद दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया। फतेहपुर जिले के खागा थाना क्षेत्र का एक व्यक्ति करीब तीन महीने पहले अपने बेटे की शादी का रिश्ता तय करने कौशाम्बी के महेवाघाट इलाके में गया था। बेटे के रिश्ते की बातचीत के दौरान समधन से मुलाकात हुई। दोनों फोन पर बातचीत करने लगे। धीरे-धीरे नजदीकी प्यार में बदल गई।
इसकी जानकारी व्यक्ति की पत्नी को हुई तो घर में रार मच गई। पत्नी ने मामले की शिकायत कौशाम्बी के साथ फतेहपुर पुलिस से भी की। कौशाम्बी में महिला थाने पर दो दिन पहले इस अजीबो-गरीब प्रकरण को लेकर पंचायत हुई। इसमें तय हुआ कि अधेड़ अब अपने बेटे की शादी उस घर में नहीं करेगा। साथ ही होने वाली समधन से किसी भी तरह का कोई मतलब नहीं रखेगा। समझौते के बाद दोनों पक्षों ने किसी भी तरह की कार्रवाई कराने से इन्कार कर दिया और अपने-अपने घर चले गए। इस अजब प्रेम की गजब कहानी दोनों जिलों में चर्चा का विषय बनी हुई है। वहीं, महिला थाना प्रभारी नीलम राघव का कहना है कि अधेड़ और उसकी होने वाली समधन के बीच नजदीक संबंधों का प्रकरण आया था। पंचायत के बाद दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया। उन्होंने लिखकर दिया है कि कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




