स्वस्थ शरीर ही व्यक्ति की सबसे बड़ी संपत्ति : आस्था
Kausambi News - विश्व स्वास्थ्य दिवस पर मंझनपुर के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसमें लैंगिक समानता, नशा मुक्त भारत, बाल विवाह, महिलाओं और बच्चों के अधिकारों पर चर्चा हुई। स्वास्थ्य का अर्थ शारीरिक और मानसिक फिटनेस है। छात्राओं को सेनेटरी पैड भी वितरित किए गए।

विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर मंगलवार को डायट मैदान मंझनपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान लैंगिक समानता, नशा मुक्त भारत, बाल विवाह मुक्त भारत, महिलाओं व बच्चों के अधिकार, सेनेटरी पैड वितरण तथा पीसीपीएनडीटी आदि विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव आस्था मिश्रा ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य का मतलब केवल बीमारियों से दूर रहना ही नहीं, अपितु शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना भी है। बताया कि इस वर्ष विश्व स्वास्थ्य दिवस की थीम टुगेदर फॉर हेल्थ, स्टैंड विद साइंस है।
विज्ञान आधारित साझेदारी पर जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर ही व्यक्ति की सबसे बड़ी संपत्ति है। नायब तहसीलदार मो. मोबीन अहमद ने पौष्टिक आहार पर बल देते हुए कहा कि सब्जियों में रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक प्रयोग से बचना चाहिए। उन्होंने फसल क्षति पर मुआवजे के लिए त्वरित संपर्क करने की अपील की। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कमलेंद्र कुशवाहा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप देश का भविष्य हैं, इसलिए मेहनत से पढ़ाई करें। पीएलवी ममता दिवाकर ने भारतीय संविधान में महिलाओं व बच्चों के अधिकारों, घरेलू हिंसा, दहेज निषेध, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह निषेध आदि कानूनों की जानकारी दी। पीएलवी ज्योत्सना सोनकर ने कन्या सुमंगला, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, विधवा पेंशन जैसी योजनाओं की जानकारी दी। सिमरन ने महिलाओं की स्वास्थ्य समस्याओं और उनके समाधान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में सभी छात्राओं को महिला एवं बाल कल्याण विभाग की ओर से निःशुल्क सेनेटरी पैड वितरित किए गए। कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिकाओं मीरा सोनकर, आकांक्षा त्रिपाठी, आभा शर्मा, दर्शना मिश्रा सहित सैकड़ों छात्राएं उपस्थित रहीं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


