छह सूत्री मांगों को लेकर भाकियू का कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन

Mar 07, 2026 10:29 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कौशाम्बी
share

Kausambi News - भारतीय किसान यूनियन (अंबावता) की बैठक में किसानों ने क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की। किसानों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। मुख्य मांगें चायल में बैंक की सुविधाओं, अस्पताल के निर्माण और सिंचाई के लिए नलकूप लगाने की थीं। चेतावनी दी कि समय पर मांगें पूरी नहीं हुईं तो धरना होगा।

छह सूत्री मांगों को लेकर भाकियू का कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन

भारतीय किसान यूनियन (अंबावता) की मासिक बैठक शनिवार को मंझनपुर डायट मैदान में जिलाध्यक्ष नरेंद्र कुमार पांडेय की अध्यक्षता में हुई। बैठक में क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर किसानों ने गहन चर्चा किया। इसके बाद दर्जनों की संख्या में किसान नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। सौंपे गए ज्ञापन में किसानों ने मांग उठाई कि चायल स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा में ट्रेजरी चालान जमा कराने की अनुमति बार-बार मांग करने के बाद भी नहीं दी जा रही है। इससे लोगों को 40 किलोमीटर दूर मंझनपुर आने की परेशानी उठानी पड़ती है।

इसके अलावा चायल यूनानी अस्पताल का भवन जर्जर होने के कारण नए भवन के निर्माण की मांग भी की गई पर सुनवाई नहीं हो रही है। नेवादा ब्लॉक के ग्राम बड़ा पिपरहाटा में लगभग 150 बीघा कृषि भूमि सिंचाई के अभाव में परती पड़ी रहती है। दो वर्षों से किसान सरकारी नलकूप लगवाने की मांग कर रहे हैं। गांव के किसान ओमकार नाथ द्विवेदी ने अपनी भूमिधरी जमीन सिंचाई विभाग को हलफनामे के जरिये दान भी कर दी है, इसके बावजूद विभाग द्वारा अब तक नलकूप का बोर नहीं कराया गया है। इसके अलावा गांव तक करीब 200 मीटर कच्चे रास्ते को इंटरलॉकिंग कराने, ग्राम सभा बिदनपुर ककोढ़ा में जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी से जल्द जलापूर्ति शुरू कराने तथा संगठन के पदाधिकारियों के लिए कौशाम्बी टोल फ्री करने की मांग भी की गई। चेतावनी दिया कि निर्धारित समय के भीतर मांगें पूरी नहीं हुईं तो डायट मैदान में विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष राम प्रकाश पाठक, जिला संयोजक अजय पांडेय, महिला युवा जिलाध्यक्ष कमला देवी, नवनीत मिश्र, मुन्ना, अशोक, राजेश कुमार, कुसुम देवी, केतकी देवी समेत दर्जनों किसान मौजूद रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।