
पिलर पर छत डालकर गायब हो गया ठेकेदार
Kausambi News - मंझनपुर में जिला कृषि अधिकारी के कार्यालय का निर्माण कार्य अधूरा है। ठेकेदार की लापरवाही से कार्य नहीं हो पा रहा है, जबकि 75 लाख रुपये का बजट जारी हो चुका है। जिला कृषि अधिकारी ने कार्यदायी संस्था को चेतावनी दी है कि यदि कार्य पूर्ण नहीं हुआ तो मामला उच्चाधिकारियों के पास जाएगा।
मंझनपुर, संवाददाता। जिला कृषि अधिकारी के कार्यालय भवन का निर्माण कार्य अधूरा है। कार्यदायी संस्था के ठेकेदार की लापरवाही की वजह से कार्य पूर्ण नहीं हो पा रहा है, जबकि बजट पूरा जारी हो चुका है। इस पर जिला कृषि अधिकारी ने कार्यदायी संस्था से नाराजगी जाहिर की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि कार्य पूर्ण न कराया गया तो उच्चाधिकारियों के संज्ञान में मामला लाया जाएगा। जिला कृषि रक्षा अधिकारी का कार्यालय अभी विकास भवन की दूसरी मंजिल से संचालित है। जिला कृषि अधिकारी के कार्यालय भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य के लिए कार्यदायी संस्था यूपी राज्य निर्माण एवं श्रम विकास सहकारी संष्घ निर्माण प्रखंड प्रयागराज को 75 लाख रुपये का बजट जारी किया जा चुका है।
पूरा बजट मिलने के बाद अभी तक ठेकेदार ने पिलर बनाकर उस पर छत डाली है। छत डालने के बाद से काम भी बंद है। कार्यालय भवन का निर्माण कार्य पूर्ण न होने पर निदेशालय से बार-बार जवाब मांगा जा रहा है। इस पर जिला कृषि रक्षा अधिकारी से नाराजगी जाहिर की जा रही है। इससे खफा जिला कृषि अधिकारी ने कार्यदायी संस्था को चेतावनी दी है कि वह जल्द से जल्द कार्य पूर्ण कराएं। यदि अब लापरवाही होती है तो मामले को उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




