
प्रयागराज के भूखंड में यमुना में खुलेआम अवैध खनन
Kausambi News - यमुना नदी में सेमरी बालू घाट पर अवैध खनन का मामला सामने आया है। पोकलैंड मशीनों से खुलेआम बालू निकाला जा रहा है, जबकि एनजीटी के नियमों की अनदेखी हो रही है। वीडियो वायरल होने के बाद प्रयागराज प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल उठ रहे हैं। यदि समय पर रोक नहीं लगी, तो यमुना को बड़ा नुकसान होगा।
यमुना की गोद से अवैध खनन का एक बड़ा मामला सामने आया है। लालापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरी बालू घाट पर नदी की बीच धारा में भारी पोकलैंड मशीनों से खुलेआम बालू खनन किया जा रहा है। इस अवैध गतिविधि का जीपीएस लोकेशन युक्त वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रयागराज प्रशासन, पुलिस और खनन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लालापुर थाना अंतर्गत सेमरी बालू घाट पर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। यमुना नदी की बीच धारा में भारी पोकलैंड मशीनें उतारकर बालू निकाली जा रही है।
जबकि नदी के भीतर इस तरह की मशीनों का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। अवैध खनन के चलते यमुना के प्राकृतिक बहाव को बाधित किया जा रहा है, जिससे नदी का स्वरूप बिगड़ रहा है और पर्यावरणीय संतुलन पर गंभीर खतरा मंडराने लगा है। लोगों ने बताया कि यहां से निकाले जा रहे बालू को प्रयागराज से सटे कौशांबी जनपद के सरायअकिल थाना क्षेत्र में भेजा जा रहा है, जिससे अंतरजनपदीय अवैध खनन और परिवहन का खेल उजागर हुआ है। लोगों की मानें तो इस पूरे अवैध खनन प्रकरण में प्रयागराज खनन विभाग और कौशांबी पुलिस विभाग की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है। लंबे समय से बड़े पैमाने पर खनन जारी होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद भी अब तक ठोस कार्रवाई न होना प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगी तो यमुना को अपूरणीय क्षति पहुंचेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




