तालाबी भूमि पर कब्जा का विरोध, धरने पर बैठे किसान
Kausambi News - चायल तहसील के रामनगर मजरा जलालपुर शाना में एक दबंग ने तालाब की भूमि पर अवैध मकान बना लिया है। ग्रामीणों की शिकायतों पर कार्रवाई न होने से नाराज भाकियू (अम्बावता) के कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। प्रशासन से तालाब की भूमि पर अवैध कब्जा हटाने की मांग की जा रही है।
चायल, हिन्दुस्तान संवाद। चायल तहसील के रामनगर मजरा जलालपुर शाना में दबंग ने तालाबी भूमि पर अवैध मकान बना लिया है। ग्रामीणों की शिकायतों पर कार्रवाई न होने से नाराज भाकियू (अम्बावता) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार से तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। जिलाध्यक्ष नरेंद्र पांडेय ने बताया कि रामनगर मजरा जलालपुर शाना गांव स्थित तालाब में ग्रामीण अपने मवेशियों को नहालाते और पानी पिलाते हैं। आरोप है कि गांव का एक दबंग तालाब की भूमि पर मिट्टी भरकर पाट दिया और उस पर मकान का निर्माण शुरू कर दिया। विरोध करने पर वह गाली-गलौज कर मारपीट की धमकी दे रहा था।
ग्रामीणों की शिकायत पर तत्कालीन एसडीएम आकाश सिंह ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य पर रोक लगा दी थी। लेकिन उनके ट्रांसफर होते ही दबंग ने फिर से काम तेज कर दिया और मकान पूरा कर लिया। शिकायत के बाद भी प्रशासन ने अवैध कब्जा हटाने में कोई रुचि नहीं दिखाई। इससे नाराज कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष की अगुवाई में शुक्रवार से तहसील परिसर में धरना शुरू कर दिया। संगठन ने एसडीएम से मांग करते हुए कहा कि तालाब की भूमि से निर्माण ध्वस्त कर तत्काल अवैध कब्जा हटाया जाए एवं दोषी आरोपी पर सख्त कार्रवाई हो। इस मामले में एसडीएम अरुण कुमार ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व टीम गठित कर जल्द ही रिपोर्ट मंगाई जाएगी और कब्जा हटाने के आदेश दिए जाएंगे। धरने में वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष गुलाम हसन, नन्हे तिवारी, सोमनाथ मिश्रा, मंजू तिवारी, त्रिभुवन लाल, शनि चंद्र मिश्रा, दिल कुमार, पंचम लाल, मुन्ना लाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




