‘वो’ की खातिर बीवी को मौत के मुंह में धकेला, बंदी
Kausambi News - पति-पत्नी के बीच आई एक महिला की वजह से करारी थाना क्षेत्र के लहना गांव की विमला देवी ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। उसके भाई की शिकायत पर पति और प्रेमिका के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पति-पत्नी के बीच आई ‘वो’ ने करारी थाना क्षेत्र के लहना गांव की एक महिला की जान ले ली थी। महिला ने जहर खाकर खुदकुशी की थी। उसके भाई की तहरीर पर उसके पति, नंद व सौतन के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा कायम हुआ था। पुलिस ने शनिवार को आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। लिखापढ़ी कर उसका चालान कर दिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। कौशाम्बी थाना क्षेत्र के बनीखास निवासी हरिश्चंद्र ने बताया कि उसने अपनी बहन विमला देवी (32) की शादी वर्ष 2014 में करारी के लहना गांव में जगजीत पुत्र देवराज से की थी।
बहनोई जगजीत पेशे से राजगीर है। पीड़ित के मुताबिक शादी के बाद अभी तक सब कुछ ठीक चल रहा था। आरोप है कि इस बीच बहनोई का गांव की ही एक महिला से संबंध हो गया। बहन विमला इसका विरोध करती थी। इसे लेकर दंपती के बीच मनमुटाव रहने लगा था। परेशान होकर बहन ने जहर खा लिया था। गुरुवार की सुबह मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। मृतका के भाई की तहरीर पर आरोपी बहनोई जगजीत, उसकी बहन श्रीमती व प्रेमिका के खिलाफ मुकदमा कायम हुआ था। पुलिस ने शनिवार को पति को गिरफ्तार कर लिया। प्रेमिका और उसकी बहन की तलाश की जा रही है। इंस्पेक्टर सियाकांत चौरसिया का कहना है कि जल्द ही बाकी दोनों आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा। इसके लिए टीमें लगाई गई हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


