Kausambi News: तीन परिवारों के कच्चे आशियाने ढहे, जनहानि नहीं
Kausambi News: चायल ब्लॉक क्षेत्र के गिरिया खालसा गांव में लगातार बारिश के कारण कच्चे मकान ढह गए। पिता-पुत्र समेत तीन मजदूरों के घर गिरने से गृहस्थी का सामान नष्ट हो गया, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से आर्थिक और आवासीय सहायता मांगी है। ग्राम प्रधान ने प्रभावितों का हालचाल लिया।

Kausambi News: इलाके में लगातार हो रही बारिश ने गरीब मजदूर परिवारों पर कहर बरपा दिया। चायल ब्लॉक क्षेत्र के गिरिया खालसा गांव में शनिवार दोपहर बारिश की सीलन से पिता-पुत्र समेत तीन मजदूरों के कच्चे मकान भरभराकर ढह गए। मकान गिरने से गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया। घटना में किसी के हताहत न होने से बड़ा हादसा टल गया। गिरिया खालसा गांव निवासी हुबलाल पुत्र राम दुलारे, उसका पुत्र करन और राम सुरेमन पुत्र विजय कुमार मजदूरी कर परिवार का गुजारा करते हैं। शनिवार दोपहर हुई तेज बारिश के बाद मकानों में सीलन बढ़ गई। इसी दौरान उनके कच्चे मकान अचानक भरभराकर गिर पड़े।
मकानों के गिरते ही परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर गृहस्थी का सामान बाहर निकाला, लेकिन तब तक अधिकांश सामान क्षतिग्रस्त हो चुका था। मजदूर परिवारों के सामने अब रहने और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ितों ने बताया कि मकान गिरने से उन्हें हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि हादसे के समय परिवार के सदस्य मकान के बाहरी हिस्से में मौजूद थे, जिससे जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलने पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सर्वजीत कुमार मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों का हालचाल लिया। उन्होंने राजस्व विभाग को घटना की जानकारी देते हुए प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। वहीं पीड़ितों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और आवासीय मदद की मांग की है।


