गैस की किल्लत बरकरार, आपूर्ति में तनिक भी नहीं सुधार
Kausambi News - मंझनपुर में रसोई गैस की सप्लाई पूरी तरह से बाधित हो गई है। एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी लाइनें लगी हैं और ग्राहकों को सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। लगभग 186,000 ग्राहक प्रभावित हैं। होली से पहले गैस की सप्लाई में अचानक कमी आई, जिससे गृहणियां परेशान हैं।
मंझनपुर, संवाददाता रसोई गैस की सप्लाई पूरी तरह से चरमरा चुकी है। मंझनपुर की एजेंसी में बुधवार को एक लोड आया, जो देखते ही देखते खत्म हो गया। यही हाल अन्य एजेंसियों का है। सप्लाई बाधित होने से लोग परेशान हो चुके हैं। सुबह से शाम तक एजेंसियों के बाहर ग्राहकों की लंबी-लंबी लाइन लगी रही। सिलेंडर न मिलने से ग्राहकों को निराश होकर आखिरकार वापस ही आना पड़ा।जिले में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के लगभग एक लाख 86 हजार से अधिक ग्राहक हैं। गैस की आपूर्ति आसानी से ग्राहकों को मिल सके, इसके लिए 30 एजेंसियां खोली गई हैं। होली पर्व से पहले ही अचानक गैस की सप्लाई प्रभावित हो गई थी।
इसका अंदाजा किसी को नहीं था। होली के बाद लोग एजेंसी की ओर भागे तो पता चला कि एजेंसी को ही लोड नहीं मिल पा रहा है, वह सिलेंडर की आपूर्ति कैसे करें। इससे रसोई गैस की मारामारी बढ़ गई। गैस एजेंसियों के बाहर ग्राहकों की लंबी-लंबी लाइन लग रही है। बुधवार को एजेंसी में कई ऐसे ग्राहक पहुंचे, जिन्होंने हफ्ता भर पहले बुकिंग करा रखी थी, लेकिन उनको भी सिलेंडर नहीं मिला। इससे वह परेशान हो गए। अधिकतर ऐसे लोग हैं, जिनके घरों में सिलेंडर के अलावा चूल्हा जलाने का दूसरा कोई विकल्प नहीं है। ऐसे लोग अब क्या करें, और क्या नहीं, इसको लेकर उलझन में आ गए हैं। गृहणियां भी हैरान हैं कि आखिर वह खाना कैसे बनाएं। अब लकड़ी का चूल्हा जलाने की नौबत बन आई है। सही यह है कि घरों में लकड़ी का चूल्हा जल भी चुका है। एजेंसियों की ओर से स्पष्ट कोई संदेश नहीं जारी किया जा रहा है कि ग्राहकों को सामान्य तरीके से कब से सिलेंडर की आपूर्ति होगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


