Hindi NewsUttar-pradesh NewsKausambi NewsFire Breaks Out at Wedding in Manjhanpur Guest House Guest Injured
शादी घर की रसोई में लगी आग, मची अफरातफरी

शादी घर की रसोई में लगी आग, मची अफरातफरी

संक्षेप:

Kausambi News - जिला मुख्यालय मंझनपुर के एक निजी गेस्ट हाउस में गुरुवार रात शादी के समारोह के दौरान आग लग गई। आग बुझाने में दूल्हे के ममेरा भाई आकाश गुप्ता गंभीर रूप से झुलस गए। गेस्ट हाउस में अग्नि शमन यंत्र नहीं थे। आग गैस सिलेंडर में लीकेज के कारण लगी। घटना की जांच की जा रही है।

Dec 05, 2025 10:55 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कौशाम्बी
share Share
Follow Us on

जिला मुख्यालय मंझनपुर स्थित निजी गेस्ट हाउस की रसोई में गुरुवार रात वैवाहिक समारोह के दौरान आग लग गई। इससे मेहमानों के बीच अफरातफरी का माहौल बन गया। आग बुझाने में दूल्हे का ममेरा भाई गंभीर रूप से झुलस गया। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। आरोप है कि गेस्ट हाउस में अग्नि शमन यंत्र नहीं मौजूद था। करीब घंटे भर बाद पहुंचे फायर ब्रिगेड ने किसी तरह आग पर काबू पाया। गैस सिलेंडर में लीकेज को आग लगने की वजह बताया जा रहा है। मंझनपुर के नया नगर निवासी सूरज मोदनवाल के छोटे भाई की गुरुवार रात शादी थी।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय एक निजी गेस्ट हाउस में किया गया था। बारात पहुंचने के बाद लीकेज के कारण शादी घर की रसोई में रखे गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। इसकी जानकारी होते ही समारोह में आए मेहमानों के बीच खलबली मच गई। कई तो जान बचाकर भाग खड़े हुए। आग बुझाने में दूल्हे का ममेरा भाई मिर्जापुर निवासी आकाश गुप्ता पुत्र स्व. बब्लू गंभीर रूप से झुलस गया। मेडिकल कॉलेज में उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आकाश ने दो सिलेंडरों को बाहर फेंक दिया था। उनमें भी आग लगती तो बड़ी घटना हो सकती थी। वहीं, जिस सिलेंडर में आग लगी थी, वह घरेलू बताया जा रहा है। गेस्ट हाउस में आग बुझाने के यंत्र भी नहीं मिले। जबकि, घटना के समय यंत्रों की खोजबीन की जा रही थी। अग्निशमन यंत्रों की व्यवस्था नहीं करने को लेकर गेस्ट हाउस प्रबंधन के प्रति लोगों में नाराजगी देखने को मिली। इस संबंध में मंझनपुर एसडीएम एसपी वर्मा का कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उस हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अग्निशमन विभाग को जांच का आदेश दिया है।