ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश कौशाम्बीस्प्रिट पीने से नहीं फूड प्वाइजनिंग से हुई थी पिता-पुत्र की मौत

स्प्रिट पीने से नहीं फूड प्वाइजनिंग से हुई थी पिता-पुत्र की मौत

सरायअकिल के जुगराजपुर गांव में बुधवार की शाम एक अधेड़ की मृत्यु होने पर शुद्धि भोज का आयोजन था। भोज का खाना खाने के बाद पांच लोग बीमार हो गए थे।...

स्प्रिट पीने से नहीं फूड प्वाइजनिंग से हुई थी पिता-पुत्र की मौत
हिन्दुस्तान टीम,कौशाम्बीFri, 01 Jan 2021 11:15 PM
ऐप पर पढ़ें

मंझनपुर। निज संवाददाता

सरायअकिल के जुगराजपुर गांव में बुधवार की शाम एक अधेड़ की मृत्यु होने पर शुद्धि भोज का आयोजन था। भोज का खाना खाने के बाद पांच लोग बीमार हो गए थे। इनमें से देररात इलाज के दौरान पिता-पुत्र की मौत हो गई थी, जबकि तीन लोग अस्पताल में अभी भर्ती हैं। जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया है कि सभी लोग फूड प्वाइजनिंग के शिकार हुए थे। इसकी जानकारी होते ही पुलिस विभाग ने राहत की सांस ली है।

सरायअकिल के जुगराजपुर गांव के लोकई की 27 दिसंबर की रात मौत हो गई थी। लोकई तकरीबन 58 साल का था। अंतिम संस्कार के बाद परिजनों ने बुधवार की रात शुद्धि भोज का आयोजन किया था। इसमें परिवार के ही लोग शामिल थे। भोज में मछली भी बनी थी। शाम को भोजन करने के बाद पांच लोगों की तबियत खराब हो गई। इसमें मान सिंह व उसके पिता विजय बहादुर, देशराज, सियाराम और जगतपाल की तबियत खराब हो गई। सभी को सरायअकिल अस्पताल ले जाया गया। जहां से इनको प्रयागराज के एसआरएन रेफर किया गया। इसी दौरान मान सिंह व उसके पिता विजय बहादुर की मौत हो गई, जबकि जगतपाल को एसआरएन और सियाराम व वंशराज को प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों का इलाज चल रहा है। पिता-पुत्र के शवों का अंतिम संस्कार गुरुवार को ही कर दिया गया था। देर शाम इनकी मौत की खबर लोगों को पता चली तो तमाम तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। यह भी कहा जा रहा था कि स्प्रिट पीने से लोगों की मौत हुई है। सूचना पर पुलिस सक्रिय हुई। एएसपी समर बहादुर ने सरायअकिल पुलिस से सवाल-जवाब किया। पुलिस ने जानकारी से ही इनकार किया तो मामला फंस गया। इसके बाद रात में पुलिस टीम अस्पताल भेजी गई। डॉक्टरों से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि फूड प्वाइजनिंग से घटना हुई है। समय पर इलाज न मिलने से पिता-पुत्र की मौत हुई है।

बोले अफसर

सरायअकिल के जुगराजपुर गांव में शुद्धि भोज में फूड प्वाइजनिंग की वजह से लोग बीमार हुए थे। इनमें से पिता-पुत्र की मौत हो गई थी। किसी को जानकारी दिए बिना ही शवों का परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया था। डॉक्टरों का कहना है कि फूड प्वाइजनिंग की वजह से ही लोग बीमार हुए थे, इनका इलाज चल रहा है।

समर बहादुर-एएसपी

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें