आलू का भाव गिरने से किसानों की टूटी कमर
Kausambi News - पश्चिम शरीरा में आलू की खेती में किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। आलू का रेट नहीं बढ़ रहा, जिससे उनकी मेहनत और लागत डूबने के कगार पर है। कोल्ड स्टोर फुल हो चुके हैं और आलू सड़ने लगा है। पहले सरसों और अब गेहूं की फसल भी प्रभावित हो चुकी है।

पश्चिम शरीरा। आलू की खेती में अबकी किसानों को भारी नुकसान होने जा रहा है। आलू का रेट चढ़ नहीं रहा है। इससे सीधे किसानों की कमर पर वार हुआ है। मेहनत के साथ लागत डूबने की कगार पर पहुंच चुकी है। कोल्ड स्टोर फुल हो चुके हैं। बागों में डंप आलू अब सड़ने लगा है।किसानों पर अबकी चौतरफा मार पड़ी है। हवा व बारिश की वजह से पहले सरसों प्रभावित हुई। इसके बाद अब गेहूं की फसल बर्बाद हो रही है। किसानों को आलू की खेती से बड़ी उम्मीद थी, लेकिन बंपर उत्पादन की वजह से आलू का भाव अचानक नीचे गिर गया।
आलू का दाम गिरने से किसान हैरान व परेशान हैं। सबसे ज्यादा नुकसान बड़े काश्तकारों को हुआ है। किसान जब तक कुछ समझ पाता, कोल्ड स्टोर भी फुल हो गए। अब किसान बागों में आलू डंप करके आलू के भाव का चढ़ने का इंतजार कर रहा है। व्यापारी दो सौ रुपये बोरी के रेट पर आलू मांग रहे हैं। वह भी छंटनी करवा कर। किसानों का कहना है कि यदि इस भाव पर आलू बेचा तो उनकी लागत नहीं निकल पाएगी। सरसवां ब्लाक क्षेत्र के अंधावा, मिरदहन का पुरवा, लोधन का पुरवा आदि गांवों की बागों में आलू डंप पड़ा है, लेकिन कोई पूछने वाला नहीं है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


