विदाई नहीं सुनहरे कल की ओर बढ़ता पहला कदम

Feb 09, 2026 07:59 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कौशाम्बी
share Share
Follow Us on

Kausambi News - सैनी कस्बे के एसएवी इंटर कॉलेज में 12वीं के विद्यार्थियों के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। 'मिस्टर एवं मिस एसएवी' प्रतियोगिता में शिवांशु अग्रहरि और शेखा अफरोज को खिताब मिला। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।

विदाई नहीं सुनहरे कल की ओर बढ़ता पहला कदम

सिराथू/सैनी हिन्दुस्तान संवाद। सैनी कस्बे में स्थित एसएवी इंटर कॉलेज (इंग्लिश मीडियम) में सोमवार को 12वीं के विद्यार्थियों के सम्मान में विदाई समारोह का भव्य एवं भावनात्मक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विदाई कार्यक्रम को लेकर विद्यालय परिसर को जहां आकर्षक ढंग से सजाया गया था वहीं दूसरी ओर संपूर्ण वातावरण उल्लास, गरिमा और आत्मीयता से सराबोर रहा। इस दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। गीत, नृत्य और प्रेरणादायक वक्तव्यों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। कक्षा 11 के विद्यार्थियों ने अपने वरिष्ठों के सम्मान में कार्यक्रम का सफल आयोजन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

वहीं कक्षा 12 के विद्यार्थियों ने अपने विद्यालयीन जीवन की स्मृतियां साझा करते हुए शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। समारोह का मुख्य आकर्षण ‘मिस्टर एवं मिस एसएवी’ प्रतियोगिता रही, जिसमें शिवांशु अग्रहरि को ‘मिस्टर एसएवी’ तथा शेखा अफरोज को ‘मिस एसएवी’ के खिताब से नवाज़ा गया। खिताब की घोषणा होते ही सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य संतोष मालवीय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि फेयरवेल विदाई नहीं, बल्कि सुनहरे कल की ओर बढ़ता पहला क़दम है। अनुशासन, परिश्रम और नैतिक मूल्यों के आधार पर ही जीवन में स्थायी सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षाओं एवं भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए तथा सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विदाई समारोह विद्यालय परिवार के लिए एक भावनात्मक एवं अविस्मरणीय क्षण बन गया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।