
अनुपस्थित डॉक्टर और कर्मचारियों कार्मिकों रोका वेतन, स्पष्टीकरण तलब
Kausambi News - डीएम मधुसूदन हुल्गी ने प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सरसवां का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों का वेतन रोकने तथा स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश...
डीएम मधुसूदन हुल्गी ने मंगलवार को प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सरसवां का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अनुपस्थिति चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों का एक दिन का वेतन अवरुद्ध करते हुए उन्होंने स्पष्टीकरण तलब किया है। इतना ही नहीं उन्होंने ब्लॉक के नोडल को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर तैनात तीन चिकित्सक, दो वार्ड ब्वाय एवं लैब टेक्नीशियन अनुपस्थित पाए गए। उन्होंने सीएचसी अधीक्षक को अनुपस्थित सभी चिकित्सक और कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। चिकित्सालय के ओपीडी, आईपीडी, एक्स-रे कक्ष, लैब एवं प्रसव कक्ष का निरीक्षण करते हुए अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को आवश्यक निर्देश दिए।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के ओपीडी कक्ष, भण्डार कक्ष, लैब एवं प्रसव का निरीक्षण करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उपस्थिति पंजिका का अवलोकन करने पर एक फार्मासिस्ट, दो स्टाफ नर्स, एक एएनएम, आरआई सहायक, वार्ड आया, बीसीपीएम तथा फैमिली वेलफेयर काउन्सलर के अनुपस्थित पाए जाने पर प्रभारी चिकित्साधिकारी को समस्त अनुपस्थित कर्मियों का एक दिन का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। चिकित्सालय में व्यवस्थाएं सही तरीके से न पाए जाने के दृष्टिगत मुख्य चिकित्साधिकारी को नोडल अधिकारी ब्लाक सरसवां डॉ. अशोक कुमार मौर्य को प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सरसवां में जलभराव होने पर नाराजगी प्रकट करते हुए खण्ड विकास अधिकारी से दूरभाष पर वार्ता कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरसवां मे नाली निर्माण व शोकपिट बनवाने के निर्देश दिए। डीएम के औचक निरीक्षण व कार्रवाई से स्वास्थ्य महकमे में हड़कम्प रहा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




