सिराथू ब्लॉक के एपीओ को कारण बताओ नोटिस

सिराथू ब्लॉक के एपीओ को कारण बताओ नोटिस

संक्षेप:

Kausambi News - जिलाधिकारी ने सिराथू विकास खंड कार्यालय का निरीक्षण किया और बीडीओ को कई दिशा-निर्देश दिए। कार्यों में शिथिलता पाए जाने पर एपीओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने का आदेश दिया। शिकायतकर्ता का मोबाइल नंबर अंकित करने और जनसुनवाई पर ध्यान देने की बात कही। उन्होंने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी भी ली।

Dec 10, 2025 10:04 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कौशाम्बी
share

जिलाधिकारी ने बुधवार को विकास खंड कार्यालय सिराथू का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बीडीओ समेत अन्य मातहतों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। कार्यों में शिथिलता पाए जाने पर एपीओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने का आदेश दिया। डीएम डॉ. अमित पाल शर्मा बुधवार की दोपहर सिराथू ब्लॉक कार्यालय पहुंचे। यहां आईजीआरएस पंजिका का अवलोकन करने के दौरान शिकायतकर्ता का मोबाइल नंबर अंकित न पाए जाने पर कहा कि शिकायतकर्ता का मोबाइल नंबर अवश्य अंकित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने खंड विकास अधिकारी को आईजीआरएस निस्तारण की आख्या प्राप्त न होने पर संबंधित सेक्टर एडीओ से स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

बीडीओ से कहा कि जनसुनवाई पर विशेष ध्यान दिया जाए और प्राप्त आख्या की गुणवत्ता की जांच मौके पर जाकर की जाए। उन्होंने सर्विस बुक व जीपीएफ पासबुक आदि को अपडेट रखने का आदेश दिया। एडीओ (एजी) से उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों-फार्मर रजिस्ट्री, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा व प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना आदि की प्रगति की जानकारी ली। एडीओ (समाज कल्याण) से पेंशन, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदन व लाभार्थियों के सत्यापन की स्थिति आदि जानकारी प्राप्त की। सिराथू ब्लॉक के एपीओ से भी 100 दिन का रोजगार एवं सृजित मानव दिवस आदि की जानकारी प्राप्त की। लक्ष्य के सापेक्ष अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कार्यालय सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) के निरीक्षण के दौरान कहा कि सफाई कर्मियों को समय से वेतन देना सुनिश्चित कर लिया जाए।