
डीजी जेल को भाया कुल्हड़, रास आई तुलसी की माला
Kausambi News - महानिदेशक कारागार प्रशासन पीसी मीना ने जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने महिला बैरक, पाकशाला और अस्पताल का निरीक्षण किया, जहाँ सब कुछ सामान्य पाया गया। बंदियों द्वारा बने कुल्हड़ और तुलसी की माला की सराहना की। उन्होंने सुधार के लिए कुछ निर्देश दिए और भोजन की गुणवत्ता की जांच की।
मंझनपुर, संवाददाता। महानिदेशक कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं पीसी मीना ने बुधवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वहां उनको सबकुछ ठीक मिला। बंदियों-कैदियों द्वारा बनाया जा रहा कुल्हड़ भाया तो तुलसी की माला खूब रास आई। उन्होंने जेल प्रशासन के कार्यों की सराहना करते हुए व्यवस्था में और सुधार करने का आदेश दिया। डीजी जेल बुधवार की सुबह करीब साढ़े 11 बजे उप महानिरीक्षक कारागार प्रयागराज परिक्षेत्र राजेश कुमार श्रीवास्तव के साथ जिला जेल पहुंचे। उन्होंने महिला बैरक, पाकशाला, मुलाहिजा बैरक व अस्पताल का निरीक्षण किया। महिला बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। हालांकि, किसी ने कोई विशेष दिक्कत नहीं? बताई।
गिर्दा में बंदियों-कैदियों द्वारा बनाए जा रहे काऊ कोट के बाबत जानकारी प्राप्त की। कुल्हड़ और तुलसी की माला बनाए जाने के कार्य को और अधिक विस्तृत करने का आदेश दिया। पाकशाला में बनाए गए भोजन की गुणवत्ता चखकर देखी। भोजन बनाने का कार्य कर रहे बंदियों, कैदियों से पूछा कि पारिश्रमिक मिल रहा है या नहीं? जवाब हां में मिला। मुलाहिजा बैरक की उन्होंने तलाशी कराई, लेकिन कोई प्रतिबंधित सामग्री नहीं? मिली। इस बैरक में निरुद्ध जिन बंदियों का 10 दिन का समय पूरा हो गया था, उनको अन्य बैरक में शिफ्ट करने का निर्देश दिया। कहा कि बंदियों के पास खाद्य सामग्री जरुरत से अधिक नहीं? रहनी चाहिए। डीजी ने अस्पताल में तैनात डॉक्टर से दवाओं की उपलब्धता की भी जानकारी ली। कहा कि दवाओं की कमी नहीं? होनी चाहिए। इस मौके पर जेल अधीक्षक अजितेश मिश्रा समेत कारागार का पूरा स्टॉफ मौजूद रहा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




