ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश कौशाम्बीचायल विधायक को संजीवनी दे गए डिप्टी सीएम

चायल विधायक को संजीवनी दे गए डिप्टी सीएम

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य चायल विधायक संजय गुप्ता को नंदा का पुरवा पुल के रूप में संजीवनी दे गए। दरअसल, विधायक ने उपमुख्यमंत्री से संबोधन के...

चायल विधायक को संजीवनी दे गए डिप्टी सीएम
हिन्दुस्तान टीम,कौशाम्बीFri, 23 Jul 2021 04:40 AM
ऐप पर पढ़ें

मंझनपुर। हिन्दुस्तान संवाद

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य चायल विधायक संजय गुप्ता को नंदा का पुरवा पुल के रूप में संजीवनी दे गए। दरअसल, विधायक ने उपमुख्यमंत्री से संबोधन के पहले ही इस पुल की मांग की थी। संबोधन के दौरान उपमुख्यमंत्री ने अफसरों से निर्माण का प्रस्ताव मांग लिया। विधायक ने क्षेत्र में 79 नई सड़कें बनवाने की भी मांग की है।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने चायल विधानसभा क्षेत्र के सैयद सरावां में कार्यक्रम को संबोधित किया। वह गढ़वा (कौशाम्बी) से निकले, तभी चायल विधायक संजय गुप्ता ने उनसे अपने क्षेत्र के नंदा का पुरवा में यमुना नदी पर पुल बनवाने की मांग कर दी। डिप्टी सीएम ने विधायक की मांग को पूरी तवज्जो दी। मंच पर औपराचिकताएं पूरी करने के बाद माइक से ही उन्होंने अफसरों से पुल निर्माण का प्रस्ताव मांग लिया। विधायक की मांग पर 79 नई सड़कों के लिए भी प्रस्ताव मांगा। घोषणा करते हुए कहा कि जल्द ही नंदा का पुरवा में पुल बनवा दिया जाएगा। सड़कों का जाल भी बिछेगा। ये घोषणा होते ही पूरा कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। गौरतलब है कि नंदा का पुरवा में पुल बना तो खासकर सरायअकिल बाजार की रंगत बदल जाएगी। उस पार स्थित मऊ, मझियारी, लालापुर, शंकरगढ़, प्रतापपुर, बरगढ़, पाली, परदवां आदि गांवों-कस्बों के व्यापारी व अन्य लोग सरायअकिल खरीदारी करने आएंगे। इससे कौशाम्बी-प्रयागराज के बीच व्यवसायिक रिश्ते मजबूत होंगे। साथ ही सरायअकिल बाजार का कारोबार कम से कम दोगुना हो जाएगा।

40 हजार वोटरों को लुभाने की कोशिश

नंदा का पुरवा में पुल निर्माण की घोषणा से सरायअकिल इलाके के लोग गदगद हैं। राजनीति के जानकारों का कहना है कि सरायअकिल बाजार में मतदाताओं की संख्या 20 हजार के आसपास है। पास-पड़ोस के गांवों को मिला लें तो तकरीबन 40 हजार मतदाता हो जाएंगे। इन सभी को पुल का सीधा लाभ मिलेगा। पुल निर्माण की घोषणा विस चुनाव के सीजन में इन वोटरों को लुभाने की कोशिश है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें