इलाके के कुंआडीह गांव के पास गुरुवार सुबह बाइक सवार युवक पर यूकेलिप्टस का पेड़ गिर गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने पेड़ काट रहे दो लोगों की पिटाई कर उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। मृतक के पिता ने गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घसिया का पूरा, मजरा पूरब शरीरा के रहनेवाले दर्शन का बेटा धांधू (20) ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। गुरुवार सुबह वह किसी काम से अपने भतीजे छोटू के साथ मंझनपुर के अहिरन का पुरवा गांव बाइक से गया था। अपने गांव लौटते समय कुंआडीह के पास यूकेलिप्टस का पेड़ बाइक पर पीछे बैठे धांधू के ऊपर गिर गया। पेड़ दो लोग काट रहे थे। उनकी लापरवाही से कटा पेड़ बाइक पर गिरा। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण धांधू बाइक से गिर पड़ा जबकि भतीजा बाल-बाल बच गया। आसपास के ग्रामीण घायल धांधू को अस्पताल ले गए लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पेड़ काट रहे पश्चिमशरीरा निवासी राजेश और संतराम भागने लगे। स्थानीय लोगों ने दोनों को दौड़ाकर पकड़ लिया। पिटाई के बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया।
अगली स्टोरी