Kausambi News: कुबरीघाट पर गंगा के गहरे जल में लगाई गई फ्लोटिंग जेटी बैरिकेडिंग
Kausambi News: गंगा के जलस्तर में वृद्धि और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दारानगर नगर पंचायत ने कुबरीघाट पर तैरती बैरिकेडिंग स्थापित की है। यह फैसला श्रद्धालुओं के डूबने की घटनाओं को रोकने के लिए लिया गया। स्थानीय पुरोहितों और नागरिकों ने इसे सराहा और अब कालेश्वर घाट पर भी इसी तरह की व्यवस्था करने की योजना है।
Kausambi News: गंगा के बढ़ते जलस्तर और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर पंचायत दारानगर कड़ा धाम ने शुक्रवार कुबरीघाट पर गंगा के गहरे जल में फ्लोटिंग जेटी (तैरती) बॉक्स बैरिकेडिंग स्थापित कराई है। अधिशासी अधिकारी दिनेश सिंह की पहल पर कराए गए इस कार्य से स्थानीय लोगों, पुरोहितों और श्रद्धालुओं ने सराहना की। गंगा में स्नान करते समय अक्सर श्रद्धालु गहरे पानी में चले जाते थे और डूबने जैसी घटनाओं का शिकार हो जाते थे। इसे देखते हुए चार दिन पहले कड़ा धाम थाना प्रभारी रहे विनीत सिंह के सुझाव पर नगर पंचायत प्रशासन ने फ्लोटिंग जेटी लगाए जाने का निर्णय लिया था।
शुक्रवार को नगर पंचायत प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए कुबरी घाट पर लगभग 100 फुट लंबी फ्लोटिंग बैरिकेडिंग लगवा दी। ब्राह्मणों और पुरोहितों का कहना है कि बैरिकेडिंग लगने से श्रद्धालु अनजाने में गहरे पानी की ओर नहीं जा सकेंगे, जिससे डूबने जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा। सभासद राहुल कुशवाहा ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति फिसलकर पानी में चला भी जाए तो वह तेज बहाव में आगे नहीं बढ़ पाएगा और समय रहते उसे सुरक्षित बाहर निकाला जा सकेगा। नगर पंचायत अब कालेश्वर घाट पर भी फ्लोटिंग जेटी लगाने की तैयारी कर रही है।


