
बैड टच के विरोध पर शिक्षक ने दलित छात्रा को पीटा
Kausambi News - मंझनपुर के पीएम श्री विद्यालय में अध्ययनरत दलित छात्रा को सहायक अध्यापक ने बैड टच करने पर बेरहमी से पिटाई की। पिता के स्कूल जाने पर शिक्षक ने अभद्रता की। पुलिस ने एससी-एसटी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच डीएसपी कर रहे हैं।
मंझनपुर, संवाददाता। कोखराज थाना क्षेत्र के एक पीएम श्री विद्यालय में अध्ययनरत दलित छात्रा की सहायक अध्यापक ने बैड टच के विरोध पर बेरहमी से पिटाई की। उलाहना देने गए उसके पिता से भी अभद्रता की। मामले की शिकायत पर पुलिस ने एससी-एसटी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा कायम कर लिया है। इसकी विवेचना सर्किल अफसर (डीएसपी) कर रहे हैं। कोखराज इलाके में रहने वाले पीड़ित ने बताया कि उसकी बेटी पीएम श्री विद्यालय में कक्षा चार की छात्रा है। रोज की तरह 10 नवंबर को भी वह स्कूल गई थी। आरोप है कि वहां सहायक अध्यापक कुलदीप साहू ने उसे बैड टच किया।
इसका विरोध करने पर लात-घूसों से पिटाई कर दी। घटना से डरी-सहमी छात्रा ने घर पहुंचकर आपबीती परिजनों को बताई तो उनके होश उड़ गए। पिता उलाहना देने स्कूल पहुंच गया। आरोप है कि आरोपी शिक्षक ने पिता से भी बदसलूकी की। प्रकरण की जानकारी होने पर अभिभावकों के बीच आक्रोश फैल गया। ग्राम प्रधान ने मामले की शिकायत बीईओ सिराथू प्रज्ञा सिंह से की। साथ ही छात्रा के पिता ने पुलिस को तहरीर दिया। बीईओ ने बुधवार को विद्यालय जाकर पीड़ित छात्रा, अभिभावकों व अन्य विद्यार्थियों का बयान दर्ज किया। अवकाश पर होने के कारण आरोपी शिक्षक का बयान नहीं लिया जा सका। छात्रा के पिता की तहरीर पर मुकदमा कायम हुआ है। सिराथू सर्किल के डीएसपी ने जांच शुरू कर दी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




