तालाबों से उड़ रही है धूल, बिन पानी व्याकुल पशु-पक्षी
सिराथू ब्लॉक के 79 ग्राम पंचायतों में पिछले पांच वर्षों में तीन सौ से अधिक तालाबों की खुदाई कराई गई है, लेकिन तालाबों में बूंद भर पानी नहीं है। सीडीओ के आदेश के बावजूद तालाबों में पानी नहीं भरा जा रहा है, जिससे मवेशियों और जंगली पशुओं को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
सिराथू ब्लॉक के 79 ग्राम पंचायतों में पिछले पांच वर्षों में तीन सौ से अधिक तालाबों की खुदाई कराई जा चुकी है। तालाबों की खुदाई व मरम्मत में मनरेगा योजना का करोड़ों रुपया जिम्मेदारों ने खर्च किया। लेकिन तालाबों में बूंद भर पानी नहीं है। भीषण गर्मी में मवेशियों के सामने पीने के पानी के लाले पड़े हैं। पशुपालक भी परेशान हैं। सीडीओ ने एक माह पूर्व तालाबों को पानी से लबालब करने का आदेश दिया था। बावजूद इसके यदा कदा ही तालाब भरवाए गए। हालत यह है कि कहीं तालाबों से धूल उड़ रही है तो कहीं तालाबों को बच्चों ने खेल का मैदान बना लिया है। मनरेगा योजना से खुदवाए गए तालाबों में करोड़ों रुपया मजदूरी के नाम सिल्ट सफाई के नाम पर खर्च हो चुका है। बावजूद इसके तालाबों में बूंद भर पानी नहीं है। भीषण गर्मी में तालाबों में पानी नहीं होने से मवेशियों के अलावा जंगली पशु, पक्षियों को चिलचिलाती धूप में प्यास बुझाने व गर्मी शांत करने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। हद तो तब हो गई जब सीडीओ ने निर्देशित किया था कि तालाब पानी से लबालब हो जाना चाहिए। उनके आदेश का तनिक भी असर सिराथू की ग्राम सभाओं में तैनात प्रधान सचिवों पर नहीं पड़ा है। यही कारण है कि सिराथू ब्लॉक के तालाबों में कहीं चौके-छक्के लग रहे हैं तो कहीं पर धूल उड़ रही है。
पानी बिन अमृत सरोवर का अधूरा है वजूद
सिराथू ब्लॉक क्षेत्र में अब तक 40 से अधिक अमृत सरोवर तालाबों का निर्माण कराया जा चुका है। इनमें भी कुछ को ही छोड़कर किसी में भी पानी नही दिख रहा है। तालाबों में पानी न होने से तालाबों का वजूद तो अधूरा है ही, किनारे पर पौधरोपण के दौरान लगाई गई हरियाली भी सूख रही है।
रजबहों, माइनरों व ससुर खदेरी नदी में भी उड़ रही धूल
सिराथू क्षेत्र के तालाबों में ही नहीं करारी माइनर, रामगंगा कमांड के रजबहों व ससुरखदेरी नदी में भी बूंद भर पानी नहीं है। माइनरों, रजबहों व नदी में पानी न होने से स्थानीय लोगों को भीषण गर्मी में पशुओं को नहलाने व पानी पिलाने के लिए कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


