मंझनपुर। निज संवाददाता
मंझनपुर कस्बे की एक महिला को दो आवास का लाभ लेना महंगा पड़ा। कस्बे के एक व्यक्ति ने मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से करते हुए आवास आवंटन की जांच कराई तो महिला के नाम पर दो आवास आंवटित मिले। शिकायतकर्ता की तहरीर पर पुलिस ने महिला के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
मंझनपुर कस्बे के आजाद नगर मोहल्ला के मो. हारून ने हजरतगंज मोहल्ले की सुनीता देवी पत्नी राम नरेश पर एक नाम से दो आवास लेने का आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों से शिकायत की थी। आरोप है कि पहले महिला ने पति के नाम के नाम के साथ आवास का लाभ लिया इसके बाद खुद के नाम के साथ पिता का नाम जोड़कर दूसरा आवास हासिल कर लिया। शिकायत पर उच्चाधिकारियों ने जांच कराई तो मामला सत्य पाया गया। इसके बाद शिकायतकर्ता हारून की तहरीर पर पुलिस ने सुनीता देवी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तहकीकात के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।