मनरेगा को मूल स्वरूप में बहाल करने तक लड़ाई जारी रहेगी-प्रदीप मिश्र
Kausambi News - मंझनपुर में कांग्रेस ने मनरेगा बचाओ पदयात्रा का आयोजन किया। प्रदीप मिश्र ने कहा कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में बहाल नहीं किया जाता। भाजपा सरकार गरीबों के लिए इस कानून को कमजोर कर रही है, लेकिन कांग्रेस इस लड़ाई को जारी रखेगी।
मंझनपुर स्थित पार्टी कार्यालय में शनिवार को मनरेगा बचाओ पदयात्रा अभियान के प्रभारी प्रदीप मिश्र व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गौरव पांडेय ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता की। इस दौरान प्रदीप मिश्र ने कहा कि यह आंदोलन मनरेगा को मूल स्वरूप में बहाल करने तक जारी रहेगा। पत्रकारों को जानकारी देते हुए प्रभारी ने कहा कि भाजपा सरकार भारत के सबसे गरीब लोगों के लिए गरिमा, सुरक्षा और जीवन यापन की गारंटी इस मनरेगा कानून को कमजोर कर इसे खत्म करने की कोशिश कर रही है लेकिन कांग्रेस पार्टी प्रतिबद्ध है कि जबतक मनरेगा को पूरी तरह उसके मूल स्वरूप में बहाल नहीं किया जाता तब तक मनरेगा बचाओ की लड़ाई सड़क से संसद तक जारी रहेगी।
जिलाध्यक्ष गौरव पांडेय ने कहा कि 20 साल पहले कांग्रेस की सरकार ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम को लागू कर संविधान में निहित काम के अधिकार को साकार किया था। ग्राम पंचायतों को गांव स्तर की परियोजनाओं पर निर्णय लेने का अधिकार देकर पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत किया गया है। कोरोना जैसी महामारी के संकटों के दौरान यह मनरेगा योजना की व्यवस्था गरीब मजदूरों के लिए जीवन रेखा साबित हुई। लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार को गरीबों की हितकारी योजनाओं से दिक्कत है वो नहीं चाहती कि गरीबों का उद्धार हो वो तो बस अमीरों को अमीर करने में लगी है और गरीबों, मध्यम वर्ग परिवारों से उनका अधिकार छीनने में लगी है। पार्टी नेतृत्व के निर्देशानुसार इस प्रेस वार्ता के माध्यम से अवगत कराना चाहता हूं कि गरीब, श्रमिकों के अधिकार की लड़ाई लड़ेगे और उन्हें उनका अधिकार दिलाएंगे। मौके पर प्रमुख रूप से जिला उपाध्यक्ष कौशलेश द्विवेदी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र त्रिपाठी, जिला महासचिव सुरेंद्र शुक्ल, श्याम सिंह भदौरिया, संतोष शुक्ल, सोसल मीडिया जिलाध्यक्ष सचिन पांडेय, कार्यालय प्रभारी हेमंत रावत, ब्लॉक अध्यक्ष राम प्रकाश पंडा मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




