
सावित्रीबाई फुले हमेशा रहेंगीं प्रेरणादायी : रामसजीवन
Kausambi News - सिराथू स्थित अपना दल कमेरावादी के कार्यालय में सावित्रीबाई फुले की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों ने उनके योगदान पर प्रकाश डाला। पूर्व विधायक राम सजीवन ने कहा कि सावित्रीबाई का संघर्ष आज भी प्रेरणास्रोत है। उपस्थित लोगों ने शिक्षा को बढ़ावा देने और सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने का संकल्प लिया।
सिराथू/सैनी, हिन्दुस्तान संवाद। अपना दल कमेरावादी के सिराथू स्थित कार्यालय में शनिवार को देश की प्रथम महिला शिक्षिका, समाज सुधारक एवं नारी सशक्तिकरण की अग्रदूत सावित्रीबाई फुले की जयंती श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने सावित्रीबाई फुले के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम के दौरान सभी वक्ताओं ने सावित्रीबाई फुले के संघर्षपूर्ण जीवन, महिला शिक्षा और सामाजिक न्याय के लिए उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक राम सजीवन निर्मल ने कहा कि सावित्रीबाई फुले का जीवन आज भी समाज को नई दिशा देने वाला है।
उन्होंने जिस दौर में बालिकाओं की शिक्षा की अलख जगाई, उस समय समाज में अनेक बाधाएं थीं, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। उनका संघर्ष आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है और हमें उनके विचारों को ज़मीनी स्तर पर उतारने की जरूरत है। वहीं जिलाध्यक्ष पूजा सरोज ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने रूढ़िवादी सोच को तोड़ते हुए शिक्षा को जन-जन तक पहुंचाया और नारी सशक्तिकरण की मजबूत नींव रखी। कमलेश पटेल ने कहा कि सावित्रीबाई फुले के विचारों पर चलकर ही एक समान, शिक्षित और न्यायपूर्ण समाज का निर्माण किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने, शिक्षा को बढ़ावा देने और संविधान के मूल्यों पर चलने का संकल्प लिया। अंत में सभी ने सावित्रीबाई फुले के बताए मार्ग पर चलने और उनके विचारों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का आवाहन किया। कार्यक्रम में अपना दल कमेरवादी की जिलाध्यक्ष पूजा सरोज, विधानसभा अध्यक्ष सिराथू सुमन सिंह पटेल, पूर्व विधायक राम सजीवन निर्मल, प्रतिनिधि विधायक सिराथू कमलेश पटेल, करन सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




