
तस्करी के लिए बांधे गए गोवंश बरामद, हंगामा
Kausambi News - इचौली गांव में तस्करी के लिए बांधे गए 12 गोवंश बरामद हुए हैं। विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। डीएसपी सिराथू ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। गोवंशों को गोशाला में सुरक्षित रखा गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
कोखराज थाना क्षेत्र के इचौली गांव में शनिवार रात तस्करी के लिए बांधे गए गोवंश बरामद किए गए। विहिप व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों ने बरामदगी के बाद कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर फोर्स के साथ पहुंचे डीएसपी सिराथू करीब घंटे भर बाद समझा-बुझाकर माहौल शांत करा सके। गोवंशों को ओसा की गोशाला में संरक्षित करा दिया गया है। अज्ञात के खिलाफ मुकदमा कायम कर आरोपियों की तलाश कराई जा रही है। विहिप व बजरंग दल के पदाधिकारियों को शनिवार की रात सूचना मिली कि इचौली गांव के बाहर नदी किनारे तस्करी के लिए गोवंशों को बांधा गया है।
मध्य रात्रि के करीब वाहन में लादकर उनको वध के लिए भेज दिया जाएगा। खबर मिलते ही बजरंग दल के गोरक्षा प्रमुख रूपेंद्र विश्वकर्मा, विहिप के जिला मंत्री राजेंद्र कुमार, जिला सह मंत्री विवेक जायसवाल, शनि साहू आदि दर्जनों हिंदूवादी नेता, कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि घटना स्थल कोखराज का बताकर मंझनपुर पुलिस ने कार्रवाई करने से इनकार कर दिया। सिंघिया चौकी पुलिस ने भी आनाकानी की। इसी के बाद हिंदू संगठनों के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। वह कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करते हुए नारेबाजी करने लगे। हंगामे की सूचना के बाद डीएसपी सिराथू भैया संतोष कुमार कोखराज पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसी भी गुनहगार को बख्शे नहीं जाने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। कोखराज इंस्पेक्टर चंद्रभूषण मौर्य ने बताया कि बरामद 12 गोवंशों को ओसा की गोशाला में संरक्षित कराया गया है। मुकदमा कायम है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। ---- वर्जन- इचौली गांव में नदी किनारे बंधे 12 गोवंश बरामद हुए है। सिंघिया चौकी प्रभारी की तहरीर पर कोखराज थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा कायम करा दिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमों का गठन किया गया है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। -भैया संतोष कुमार, डीएसपी सिराथू

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




