पीएसी जवान के सूने मकान से लाखों का माल चोरी
Kausambi News - मूरतगंज में डाक बंगले के पीछे स्थित पीएसी जवान के मकान से चोरों ने ताला तोड़कर लाखों का माल चुरा लिया। परिवार एक शादी समारोह में गया था। चोरों ने 75 हजार रुपये नकद और 2 लाख रुपये के गहने चुराए। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
संदीपन घाट थाना क्षेत्र के मूरतगंज में डाक बंगले के पीछे स्थित पीएसी जवान के सूने मकान से मंगलवार रात ताला तोड़कर चोरों ने नकदी-गहने समेत लाखों का माल पार कर दिया। घटना की जानकारी गृहस्वामी को सुबह हुई। उनके पेशे से अधिवक्ता भतीजे की तहरीर लेकर पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है। पीएसी में धूमनगंज में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात मक्खन लाल ने मूरतगंज में डाक बंगले के पीछे मकान बनवा रखा है। इसी में उनका और उनके पेशे से अधिवक्ता भतीजे शिव बालक का परिवार संयुक्त रूप से रहता है। मंगलवार की रात पूरा परिवार एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने चरवा इलाके के समसपुर गांव गया था।

इस दौरान सूने मकान का ताला तोड़कर भीतर घुसे चोर करीब 75 हजार रुपये नकद, लगभग दो लाख कीमत के गहने व एटीएम कार्ड आदि सामान उठा ले गए। सुबह पड़ोसियों से घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्यों के होश उड़ गए। सभी आननफानन घर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। हालांकि, शुरुआती जांच में पुलिस के हाथ कुछ भी नहीं लगा। इस संबंध में संदीपन घाट थाना प्रभारी शशिकांत मिश्रा का कहना है कि चोरों की तलाश कराई जा रही है। इसके लिए मुखबिरों का जाल बिछा दिया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




