‘हैवानों’ ने मौत के बाद उर्मिला के शव संग की थी ‘क्रूरता’

Feb 10, 2026 10:54 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कौशाम्बी
share Share
Follow Us on

Kausambi News - उर्मिला देवी की निर्मम हत्या उसके करीबी दोस्त दिनेश मौर्य ने की थी। हत्या के बाद शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि गला घोटकर हत्या की गई थी। आरोपी ने शादी के दबाव के चलते हत्या की और अपने रिश्ते के भाई रंजीत के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।

‘हैवानों’ ने मौत के बाद उर्मिला के शव संग की थी ‘क्रूरता’

बेहद ही निर्मम तरीके से मौत की नींद सुलाने के बाद हैवानों ने उर्मिला के शव संग भी क्रूरता की थी। सड़क से उसकी लाश पथरीले रास्ते पर घसीटते हुए रेलवे ट्रैक तक करीब आठ फीट ऊपर ले जाई गई थी। उसके शरीर पर मिले चोट के निशान मौत के बाद ट्रेन की चपेट में आने के हैं। मतलब साफ है कि मालगाड़ी शव के ऊपर से गुजरी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हत्यारोपियों ने भी अपनी यह क्रूर करतूत स्वीकार की है। बताया है कि जान तो गला घोटकर ही ले ली थी।

सिराथू में परसीपुर मोहल्ले के बाहर महिला (उर्मिला) का शव पड़ा होने की जानकारी रेलवे कंट्रोल रूम की ओर से शनिवार की रात करीब 9:30 बजे पुलिस को दी गई थी। पुलिस के अनुसार उर्मिला के दोनों पैर रस्सी से बंधे थे। मुंह पर टेप चिपका था। गर्दन पर पतली-पतली पांच रस्सियां बंधी थीं। गले पर स्याह निशान था। बांया हाथ कटा था और भुजा चोटिल थी। अंगुलियां चिपटी हुई मिली थीं। सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। कुल मिलाकर शव क्षत-विक्षत था। उसकी हालत देखकर ही पुलिस ने अंदाजा लगा लिया था कि यह हादसा या खुदकुशी नहीं बल्कि, हत्या की वारदात है। एसपी राजेश कुमार ने खुद ही अगली सुबह इंटरनेट मीडिया में लाश की तस्वीर प्रसारित करते हुए लिखा था कि हत्या के प्रकरण को ट्रेन हादसे का रूप देने के लिए शव ट्रैक पर फेंका गया है। एसपी राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी दिनेश और रंजीत ने पूर्व निर्धारित योजना के तहत डीएफसी लाइन के नीचे सड़क पर सूनसान देख उर्मिला की गला घोटकर हत्या की थी। इसके बाद पैर बांधकर मुंह पर टेप चिपकाकर शव को घसीटते हुए ट्रैक तक ले गए थे। ट्रैक पर फेंकने के बाद महिला के शव के ऊपर से मालगाड़ी गुजर गई थी। शरीर पर मिली सभी चोट ट्रेन की चपेट में आने की है। पीएम रिपोर्ट में साफ है कि हत्या गला घोटकर की गई है। बाकी चोट मौत के बाद की है। गूगल पर सर्च के बाद की गई थी उर्मिला की हत्या ! फाजिलपुर गोपालपुर गांव की उर्मिला देवी को उसके करीबी दोस्त दिनेश मौर्य ने गूगल पर हत्या का तरीका सर्च करने के बाद मौत की नींद सुलाया था। पीएम रिपोर्ट के मुताबिक हत्या गला घोटकर की गई थी। पुलिस ने सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी दिनेश और उसके रिश्ते के भाई रंजीत को गिरफ्तार कर लिया है। लिखापढ़ी के बाद दोनों का चालान कर दिया गया है। दिनेश ने महिला मित्र उर्मिला की जान शादी का दबाव बनाने पर ली थी। दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार भी कर लिया है। पइंसा थाना क्षेत्र के फाजिलपुर गोपालपुर (हिसामबाद) निवासी उर्मिला देवी पत्नी स्व. चिंतामणि की शनिवार रात हत्या कर लाश सिराथू कस्बे में परसीपुर मोहल्ले के बाहर डीएफसी लाइन पर फेंक दी गई थी। मामले में स्थानीय चौकी प्रभारी अजय कुमार सिंह की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा कायम किया गया था। सोमवार को मृतका की शिनाख्त हुई थी। साक्ष्यों के आधार पर पइंसा के जवई पड़री निवासी दिनेश कुमार मौर्य पुत्र स्व. बिहारीलाल को पुलिस ने हिरासत में लिया तो पूछताछ में उसने अपना जुर्म कुबूल कर लिया। कप्तान राजेश कुमार ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता करते हुए बताया कि पेशे से प्लंबर दिनेश और उर्मिला करीब दो साल पहले बिजली का बिल जमा किए जाने के दौरान एक -दूसरे के संपर्क में आए थे। इसी के बाद दोनों की नजदीकी बढ़ गई थी। दिनेश उर्मिला से आधी उम्र का है। करीब ढाई महीने पहले परिवार वालों ने दिनेश की शादी कहीं और तय कर दी थी। उर्मिला इसका विरोध कर रही थी। इसी से परेशान होकर दिनेश ने गांव में ही रहने वाले अपने रिश्ते के भाई रंजीत पुत्र हरिश्चंद्र के साथ मिलकर गला घोटकर उर्मिला की हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को ट्रेन हादसे का रूप देने के लिए रेलवे की डीएफसी लाइन पर फेंक दिया था। एसपी राजेश कुमार का कहना है कि उर्मिला हत्याकांड का पुलिस टीमों ने सफल अनावरण कर लिया है। उसके दोस्त ने ही शादी से मना करने पर अपने रिश्ते के भाई संग मिलकर उसकी हत्या की थी। आरोपियों ने जुर्म स्वीकार कर लिया है। लिखापढ़ी कर दोनों का चालान कर दिया गया है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।