
बिहार से आए श्रद्धालुओं को देवीगंज में बेरहमी से पीटा
Kausambi News - बिहार के बेतिया के श्रद्धालुओं को कड़ा धाम से मनगढ़ धाम जाते समय देवीगंज चौराहे पर बेरहमी से पीटा गया। ऑटो चालक के साथ कहासुनी के बाद श्रद्धालुओं पर हमला हुआ। इस घटना में पांच लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है।
सिराथू, हिन्दुस्तान संवाद। इक्यावनी शक्ति पीठ कड़ा धाम में दर्शन करके मनगढ़ धाम (प्रतापगढ़) जा रहे बिहार के बेतिया निवासी ऑटो सवार श्रद्धालुओं को देवीगंज चौराहे पर बेरहमी से पीटा गया। ऑटो में साइड मारने को लेकर कहासुनी के बाद ऑटो चालक व उसके साथियों ने हमला किया। खास बात यह कि पिटाई यूपी 112 पुलिस की मौजूदगी में हुई। इसमें वृद्धा समेत पांच लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया है। बिहार के बेतिया जिले के चौतरवा थाना क्षेत्र के पतिला गांव के श्रद्धालु सोमवार को कड़ा धाम में मां शीतला का दर्शन करने आए थे।
शाम करीब छह बजे श्रद्धालु कड़ा धाम से दो ऑटो में बैठकर प्रतापगढ़ के मनगढ़ धाम में दर्शन के लिए जा रहे थे। श्रद्धालुओं का ऑटो जैसे ही गड़रियन का पुरवा गांव के सामने निकला। ओवरटोक कर रहे ऑटो ने साइड मार दिया। किसी तरह श्रद्धालुओं का आटो पलटते-पलटते बचा। इसका उन्होंने विरोध किया। साइड मरने वाले चालक ने फोन करके अपने साथियों को देवीगंज चौराहा बुलाया और श्रद्धालुओं के आने का इंतजार करने लगा। जैसे ही श्रद्धालु चौराहा पहुंचे। ऑटो रोक कर मारपीट कर शुरू कर दी गई। बेरहमी से श्रद्धालुओं को पीटा गया। इससे बाजार में अफरातफरी मच गई। यूपी 112 पुलिस वहां पहुंच गई। पुलिस की मौजूदगी में श्रद्धालुओं को पीटा गया। जानकारी होने पर कड़ा धाम पुलिस पहुंची। कड़ा धाम पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। घायल 50 वर्षीय रंजू देवी पत्नी दीपक, 70 वर्षीय रामावती, सुख्खनदास के अलावा दो अन्य लोगों को चोटें आई। सभी को पुलिस ने स्थानीय अस्पताल में मेडिकल के लिए भेजा है। कड़ा धाम एसओ त्रिलोकीनाथ पांडेय ने बताया कि तीन आरोपी हिरासत में लिए गए हैं। घायलों को मेडिकल के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




