
दहेज के लिए विवाहिता को पीटकर घर से निकाला
Kausambi News - मंझनपुर के एक गांव में दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर ससुराल वालों ने रीता देवी को घर से निकाल दिया। शादी के कुछ महीने बाद ससुराल वालों ने 50 हजार रुपये और बाइक की मांग की। पीड़िता ने महिला थाना पुलिस...
मंझनपुर, संवाददाता पड़ोसी जनपद फतेहपुर में ब्याही दोआबा की एक बेटी को दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने घर से निकाल दिया। इसके पहले उसकी बेरहमी से पिटाई भी की। मामले की शिकायत पर पति समेत चार आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा कायम कर लिया है। कोखराज थाना क्षेत्र के गिरधरपुर (बम्हरौली) गांव की रीता देवी ने बताया कि उसके माता-पिता की काफी दिनों पहले मौत हो चुकी है। करीब साल भर पहले अन्य परिवारीजनों ने फतेहपुर जिले के हथिगवां थाना क्षेत्र के पलिया बुजुर्ग (छिवलहा) निवासी मान सिंह से शादी की थी। आरोप है कि शादी के कुछ महीने बाद ही दहेज में 50 हजार रुपया और बाइक की मांग को लेकर ससुरालियों ने प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।

इसकी जानकारी होने पर रिश्तेदारों ने पंचायत की। सभी ने ससुराल वालों को समझाया लेकिन, उनके रवैये में सुधार नहीं हुआ। पीड़िता की मानें तो इसी बीच उसको बेरहमी से पीटकर घर से निकाल दिया गया। पीड़ित विवाहिता ने मामले की शिकायत महिला थाना पुलिस से महीने भर पहले की थी। पुलिस ने दो बार नोटिस जारी की मगर, ससुराल वाले अपना पक्ष रखने के लिए हाजिर नहीं हुए। इस पर मंगलवार को कोखराज पुलिस ने आरोपी पति मान सिंह, ससुर राजू, सास व नंद श्रद्धा के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा कायम कर लिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




