
दहेज के लिए सात समंदर पार से फोन पर दिया तीन तलाक
Kausambi News - फतेहपुर के खखरेरू कस्बे में सिराथू की रुखसार बानो का दहेज के लिए उत्पीड़न किया गया। पति ने सऊदी अरब से फोन पर तीन तलाक दे दिया। रुखसार की शादी 20 जून 2023 को हुई थी और उसके ससुराल वालों ने दहेज में 5 लाख रुपये और प्लॉट की मांग की। पुलिस ने आरोपी पति और ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पड़ोसी जनपद फतेहपुर के खखरेरू कस्बे में ब्याही सिराथू की बेटी का दहेज के लिए उत्पीड़न किया गया। आरोप तो यहां तक है कि पति ने सात समंदर पार सऊदी अरब से फोन पर उसे तीन तलाक दे दिया। मामले की शिकायत पर मुकदमा कायम कर सैनी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सिराथू की रहने वाली रुखसार बानो ने बताया कि उसका निकाह 20 जून 2023 को खखरेरू निवासी आफताब से हुआ था। आरोप है कि निकाह के बाद से ही दहेज में पांच लाख रुपया नकद और एक प्लॉट की मांग को लेकर ससुराली विवाहिता को प्रताड़ित करने लगे।

इसकी जानकारी होने पर रिश्तेदरों ने पंचायत की। सभी ने ससुराल वालों को समझाया, लेकिन उनके रवैये में सुधार नहीं हुआ। पीड़िता की मानें तो उसके पति रोजी-रोटी के लिए सऊदी अरब में रहते हैं। 16 नवंबर 2025 को परिजनों के कहने पर पति ने फोन पर तीन तलाक दे दिया। इसी के बाद से पीड़िता मायके में शरण लिए हुए है। उसकी तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति आफताब, ससुर मो. महताब, सास तबस्सुम, नंद साहिबा, देवर इस्तेखार व अशफाक के खिलाफ मुकदमा कायम कर लिया है। इस संबंध में सैनी थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उस हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




