कौशाम्बी के लाल ने बढ़ाया देश का मान
Kausambi News - सिराथू तहसील के गनपा गांव के ज्ञानेंद्र सिंह सेंगर ने भारतीय नौसेना में अपनी बहादुरी के लिए 'मेंशन इन डिस्पैचेस' सम्मान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से गांव में खुशी का माहौल है, ग्रामीण मिठाइयां बांट रहे हैं। यह सम्मान न केवल ज्ञानेंद्र के लिए, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है।
जिले के सिराथू तहसील अंतर्गत गनपा गांव के जांबाज सपूत ने भारतीय नौसेना में अपनी बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा का लोहा मनवाते हुए जिले का नाम रोशन किया है। भारतीय नौसेना में तैनात ज्ञानेंद्र सिंह सेंगर को उनकी उत्कृष्ट सेवा और अदम्य साहस के लिए राष्ट्रपति द्वारा ‘मेंशन इन डिस्पैचेस’ सम्मान से नवाजा गया है। यह खबर मिलते ही उनके गांव व क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई और गांव में मिठाई बांटकर जश्न मनाया। ज्ञानेंद्र सिंह सेंगर ने अपनी सेवाकाल के दौरान अनुकरणीय साहस और समर्पण का परिचय दिया है। उनकी वीरता और कर्तव्यनिष्ठा को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें इस प्रतिष्ठित सैन्य सम्मान के लिए चयनित किया।
‘मेंशन इन डिस्पैचेस’ सम्मान युद्ध अथवा विशिष्ट सैन्य अभियानों के दौरान असाधारण साहस और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सैनिकों को प्रदान किया जाता है। नौसेना के वरिष्ठ अधिकारी, वाइस एडमिरल ने व्यक्तिगत रूप से प्रशंसा पत्र भेजकर ज्ञानेंद्र सिंह को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह सम्मान न केवल उनके लिए बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय बन गया है। जैसे ही सम्मान की सूचना उनके गांव गनपा पहुंची परिवार के साथ लोगों में उत्साह छा गया। ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर और एक-दूसरे को बधाई देकर खुशी का इजहार किया। ज्ञानेंद्र के दादा कमलेंद्र सिंह सेंगर भावुक होते हुए कहा की मेरे पोते ने आज हमारे पूर्वजों और इस मिट्टी का मान बढ़ाया है। उसकी मेहनत और देश के प्रति समर्पण ने उसे इस मुकाम तक पहुंचाया है। ज्ञानेंद्र सिंह की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का श्रोत बन गई है। उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया कि छोटे गांवों से निकले युवा भी अपने परिश्रम और देशभक्ति के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकते हैं। कौशाम्बी के इस वीर सपूत की उपलब्धि ने न केवल परिवार, बल्कि पूरे जनपद का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


