सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं मिलावटी खाद्य पदार्थ

Mar 02, 2026 05:20 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कौशाम्बी
share

Kausambi News - होली के नजदीक बाजारों में मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ गई है, लेकिन मिलावटखोर भी सक्रिय हो गए हैं। मिलावटी सरसों तेल, खोया और पनीर का सेवन स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकता है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने चेतावनी दी है कि एफएसएसएआई प्रमाणित उत्पाद ही खरीदें और संदिग्ध सामग्री की सूचना दें।

सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं मिलावटी खाद्य पदार्थ

रंगों और उमंग के पर्व होली के नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ गई है। मिठाइयों, नमकीन, खोया, पनीर और सरसों तेल की मांग में अचानक तेजी आई है। इसी के साथ बाजारों में चोरी छिपे मिलावटखोर भी सक्रिय हो गए हैं। इनके द्वारा थोड़े से मुनाफे के लालच में मिलावटी खाद्य सामग्री तैयार कर बाजार में खपाई जा रही है, जो आमजन के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। होली के मौके पर घर-घर गुझिया, दही-बड़े, कचौड़ी मिठाई और अन्य पकवान बनाए जाते हैं। ऐसे में दूध, खोया, पनीर और सरसों तेल की खपत बढ़ना स्वाभाविक है।

मांग अधिक और निगरानी सीमित के व्यस्त होने का फायदा उठाकर कुछ मिलावटखोर नकली या मिलावटी सामग्री तैयार कर बेच रहे हैं। बाजारों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में अखाद्य रंगों से बनी चकरी व नमकीन भी खुलेआम बिक रही है। इन खाद्य पदार्थों के सेवन करने से व्यक्ति के स्वास्थ्य को खतरा पहुंच सकता है। ऐसे में लोगों को रंगीन व मिलावटी खाद्य पदार्थों के सेवन से बचने की जरूरत है। इसमें जरा सी लापरवाही स्वास्थ्य को भारी नुकसान पहुंचा सकती है। ——————— पिछले दो वर्षों के आंकड़े चिंताजनक खाद्य सुरक्षा विभाग के आंकड़े हालात की गंभीरता बयां कर रहे हैं। वर्ष 2024 में 18 नमूने जांच के लिए भेजे गए थे, जिनमें 15 नमूने फेल पाए गए। वहीं वर्ष 2025 में 24 नमूने जांच के लिए भेजे गए, जिनमें 11 नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे। खाद्य सुरक्षा अधिकारी नितिन कुमार ने बताया कि जिन दुकानदारों के नमूने फेल हुए, उनके खिलाफ न्यायालय में वाद दायर कर कार्रवाई की गई है। होली को देखते हुए इस बार भी बाजारों में लगातार छापेमारी कर सैंपल लिए जा रहे हैं। विभाग की प्राथमिकता है कि आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो। ——————— मिलावटी सरसों तेल से हृदय रोग का खतरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कड़ा अधीक्षक डॉ. मोहम्मद सऊद ने चेतावनी देते हुए कहा कि मिलावटी सरसों का तेल, खोया, पनीर और केमिकल युक्त रंगों से बने खाद्य पदार्थों का सेवन शरीर पर गंभीर दुष्प्रभाव डाल सकता है। उन्होंने बताया कि ऐसे खाद्य पदार्थों से एलर्जी, छींक, खांसी, नाक बहना, पेट दर्द, अपच, उल्टी-दस्त पेट एवं त्वचा से संबंधित कई गंभीर रोग हो सकते हैं। लगातार मिलावटी तेल के सेवन से पाचन तंत्र प्रभावित होता है और लीवर पर भी बुरा असर पड़ता है। —————————- एफएसएसएआई प्रमाणित उत्पाद ही खरीदें खाद्य सुरक्षा अधिकारी भरत मिश्र ने लोगों से अपील किया है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकेट पर अंकित एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर अवश्य देखें और एक्सपायरी या ‘बेस्ट बिफोर’ तिथि की जांच करें। खुली और बिना लेबल वाली सामग्री से परहेज करें। उन्होंने कहा की त्योहार की असली खुशी तभी है जब परिवार सुरक्षित और स्वस्थ रहे। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध खाद्य सामग्री की सूचना संबंधित विभाग को देने की अपील की है। ————————— बोले अधिकारी- खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ पुलिस, चिकित्सा, फायर विभाग एवं राजस्व टीम को होली के तीन दिन एलर्ट रखा गया है। सभी को निर्देश दिया गया है कि आम जनमानस को किसी भी प्रकार की समस्या ना हो हर अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए पर्व को सकुशल संपन्न कराने में अपनी भागीदारी निभाए। -योगेश कुमार, एसडीएम सिराथू

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।