Kausambi News: विकास ने लंबी तो सूर्यकुमार ने ऊंची कूद में मारी बाजी
Kausambi News: चायल विकास खंड के कसेंदा गांव में नाग पंचमी पर वार्षिक खेल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। विभिन्न गांवों के खिलाड़ियों ने प्रतिस्पर्धा की। लंबी कूद में विकास यादव ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि सूर्यकुमार ने ऊंची कूद में विजय हासिल की। प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना है।

Kausambi News: चायल विकास खंड के कसेंदा गांव में नाग पंचमी के अवसर पर सोमवार को वार्षिक खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। लंबी कूद में बारोलहां गांव के विकास यादव ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि ऊंची कूद में मुंडेरा के सूर्यकुमार विजेता रहे। जिला पंचायत सदस्य श्रवण कुमार यादव की अगुवाई में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष चंद्रजीत यादव और जिला उपाध्यक्ष वेद प्रकाश पाल ने फीता काटकर किया। सुबह दस बजे शुरू हुई प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में जोर आजमाइश की।
लंबी कूद के फाइनल मुकाबले में विकास यादव ने 18 फीट तीन इंच की छलांग लगाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। चौराडीह के आदर्श ने 17 फीट आठ इंच की छलांग लगाकर दूसरा और इगुआ उर्फ कठगांव के गरुण कुमार ने 17 फीट चार इंच की छलांग लगाकर तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं ऊंची कूद में मुंडेरा के सूर्यकुमार प्रथम, मखऊपुर के मयंक यादव द्वितीय और खंदेवरा के आदित्य यादव तृतीय स्थान पर रहे। प्रतियोगिता के समापन पर कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष तलत अजीम और ग्राम प्रधान सुखलाल यादव ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार दिया। ग्राम प्रधान सुखलाल यादव ने कहा कि गांव में हर वर्ष नाग पंचमी के अवसर पर खेल प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना है। प्रतियोगिता के निर्णायक सुनील रंजन, रवेंद्र सिंह और दिलीप यादव रहे। इस दौरान विनोद केसरवानी, हीरालाल, मैहर कन्नौजिया, लालाजी यादव, जयकरण सिंह, रामदास समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


