
चोरी की घटनाओं पर भड़के नागरिक, प्रदर्शन
Kausambi News - मंझनपुर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नाराज नागरिकों ने पुलिस की लापरवाही के खिलाफ एसपी कार्यालय में प्रदर्शन किया। समाजसेवी सोम प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में नागरिकों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए और कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे बेमियादी आंदोलन करेंगे।
मंझनपुर, संवाददाता। नगर पालिका परिषद भरवारी क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और उनका खुलासा नहीं होने से खफा नागरिकों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। नाराज लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए एसपी कार्यालय में प्रदर्शन किया। पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। चेताया कि मांग पूरी नहीं होने पर बेमियादी आंदोलन किया जाएगा। समाजसेवी सोम प्रकाश मिश्र की अगुवाई में पुलिस ऑफिस पहुंचे दर्जनों नागरिकों ने कानून-व्यवस्था पर सवालिया निशान लगाते हुए नारेबाजी की। एसपी के रीडर संतोष शर्मा ने लोगों को समझाया लेकिन, वह कप्तान के सामने अपनी बात रखने की जिद पर अड़े रहे।

बाद में खुद एसपी राजेश कुमार को ज्ञापन लेने आना पड़ा। ज्ञापन के हवाले से बताया गया कि 30 अगस्त को मधुबन तिराहे में ओम प्रकाश तिवारी के यहां चोरी हुई थी। पुलिस मुकदमा दर्ज करने के बाद भी राजफाश नहीं कर सकी। जिसका नतीजा रहा कि 30 नवंबर को फिर बेखौफ चोरों ने उनके यहां चोरी की घटना को अंजाम दिया। 22 अक्तूबर को गुलाब बिहार कॉलोनी निवासी अध्यापिका अंजली वर्मा पत्नी धनंजय के यहां हुई लाखों की चोरी का राजफाश नहीं किया जा सका है। सतीश तिवारी के यहां भी चोरी की घटना का राजफाश करने में पुलिस नाकाम है। इसके अलावा अन्य घटनाओं का भी हवाला दिया गया। इस मौके पर संजय त्रिपाठी, अजय तिवारी, कुलदीप तिवारी, सूरज, सचिन पांडेय, शिवम पांडेय, सौरभ त्रिपाठी, प्यारे मोहन सिंह, लौटन, मिथलेश पाठक, अंजलि वर्मा, जय प्रकाश आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


