एसी ब्लॉस्ट से सर्किट हाउस में लगी आग, चिकित्सक बचे
सिराथू में मां शीतला अतिथि गृह के एक कमरे में एयरकंडीशनर ब्लास्ट होने से भीषण आग लग गई। झांसी के चिकित्सक डॉ. शैलेंद्र कुमार राजपूत बाल-बाल बचे। दमकल कर्मियों ने एक घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। आग से एक लाख रुपये का नुकसान हुआ।
सिराथू, हिन्दुस्तान संवाद सयारा स्थित मां शीतला अतिथि गृह (सर्किट हाउस) के एक कमरे में गुरुवार की रात एयरकंडीशन (एसी) ब्लास्ट होने से भीषण आग लग गई। इस दौरान कमरे में मौजूद झांसी के रहने वाले चिकित्सक बाल-बाल बच गए। उनके कमरे में फंसे होने की जानकारी पर पुलिस-प्रशासन के हाथ-पांव फूले रहे। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया।सयारा स्थित सर्किट हाउस के रूम नंबर बी-8 में विंडो एसी लगी थी। गुरुवार की रात करीब आठ बजे एसी में ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट के कारण आग लग गई और परिसर में धुआं फैलने लगा।
जिस कमरे में ब्लास्ट हुआ, वहां झांसी निवासी डॉ. शैलेंद्र कुमार राजपूत ठहरे थे। इसे लेकर गेस्ट हाउस कर्मियों में खलबली मच गई। घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीएम सिराथू योगेश कुमार गौड़, तहसीलदार सिद्धांत कुमार, सैनी थाना पुलिस व फायर कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। फायर कर्मियों ने किसी तरह रेस्क्यू कर चिकित्सक को सकुशल बाहर निकाला। कमरे में धुआं भर जाने की वजह से आग बुझाने में दमकल कर्मियों को करीब एक घंटे का वक्त लग गया। सिराथू फायर स्टेशन प्रभारी संजय तिवारी के अनुसार, आग लगने से कमरे में रखा बेड, बिस्तर आदि सामान जलकर राख हो गया। कुल करीब एक लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


