सरायअकिल के दरहा गांव में विद्युत खंभे से तार जोड़ने पर हुए विवाद के बाद महिला की पिटाई के मामले में एक सप्ताह बाद पुलिस ने एसपी के निर्देश पर केस दर्ज कर लिया है। दबंगों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस आरोपितों की तलाश में जुट गई है।
दरहा गांव निवासी समरजीत मजदूरी करता है। पत्नी रीता देवी के अनुसार 19 सितंबर की रात वह विद्युत पोल से अपनी केबिल सही करा रही थी। इसी दौरान गांव का एक युवक नशे में धुत अपने चार साथियों के साथ वहां पहुंचा और रात में केबल जोड़ने पर गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर दबंगों ने महिला को जमकर पीट दिया। इससे उसको काफी चोटें आईं। घायल महिला ने थाने में आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी थी। आरोप है कि तहरीर मिलने के बाद भी पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। शनिवार को महिला ने मामले की शिकायत एसपी से करते हुए न्याय की गुहार लगाई। एसपी अभिनंदन के निर्देश पर सरायअकिल पुलिस ने पांच आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।