अभाविप ने घेरा कलक्ट्रेट, सौंपा डीएम को ज्ञापन
Kausambi News - अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने जिलाधिकारी को 22 सूत्री ज्ञापन सौंपा, जिसमें शराब की दुकानों को हटाने, छात्र हित के मुद्दों पर कार्रवाई करने और अन्य मांगें शामिल थीं। यदि मांगें नहीं मानी गईं, तो बेमियादी आंदोलन की चेतावनी दी गई।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद 22 सूत्री ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। चेताया कि मांग पूरी नहीं होने पर बेमियादी आंदोलन किया जाएगा। जिला संयोजक शिवांशु शुक्ला ने कहा कि उनका संगठन छात्रहित और समाज हित के मुद्दों पर दलगत राजनीति से ऊपर उठकर संघर्ष कर रहा है। कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल शर्मा को सौंपे गए ज्ञापन में प्रमुख रूप से भरवारी के भवंस मेहता महाविद्यालय के पास खोली गई शराब की दुकान को तत्काल हटाने, जिले भर के स्कूल-कॉलेज के पास से शराब दुकानें हटाने, स्वामी विवेकानंद, चंद्रशेखर आजाद और दुर्गा भाभी की प्रतिमाएं विद्यालयों में लगाने की मांग की।
निजी स्कूलों द्वारा कॉपी-किताबों, ड्रेस की मनमानी, एडमिशन फीस में लूट, तीन से सात हजार रुपये तक की किताब शुल्क और गर्मी की छुट्टी में भी बस शुल्क वसूलने जैसे मुद्दों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। इसमें बिना मान्यता वाले स्कूलों, अवैध मदरसों और प्राइवेट अस्पतालों पर कार्रवाई, बंद पड़े 70 महाविद्यालयों को खोलने, छात्रावास खाली कराने तथा यमुना किनारे अवैध खनन रोकने की मांग भी शामिल है। ज्ञापन लेते हुए जिलाधिकारी ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रदेश सह मंत्री बाबू चौधरी ने चेतावनी दी कि अगर मांगें नहीं मानी गईं तो बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


