फिजा में उमड़ा उत्साह, तपोभूमि में गूंजा ‘वंदे मातरम्’
Kausambi News - मंझनपुर में राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर एक कार्यक्रम आयोजित हुआ। पुलिस ऑफिस में सामूहिक गायन हुआ, जिसमें एसपी ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा। पुलिस कप्तान ने कहा कि यह गीत मातृभूमि के प्रति समर्पण और राष्ट्रीय चेतना को जागृत करता है।

मंझनपुर, संवाददाता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा वर्ष 1875 में रचित राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का शुक्रवार को गौरवशाली 150 वर्ष पूर्ण हो गया। इस अवसर पर पुलिस ऑफिस में राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन का कार्यक्रम हुआ। गायन के बाद एसपी ने मातहतों संग प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा। सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। पुलिस कप्तान राजेश कुमार ने कहा कि मातृभूमि के प्रति समर्पण, त्याग और राष्ट्रीय चेतना को जागृत करने वाला यह अमर गीत युगों-युगों तक सभी को देश भक्ति एवं राष्ट्रहित के मार्ग पर अग्रसर रहने की प्रेरणा देता रहेगा। वंदे मातरम् एक गीत नहीं, बल्कि हर भारतीय के हृदय में अविरल बहने वाला वह भाव तथा उस अमर आत्मा का प्रतीक है, जो करोड़ों भारतीयों के हृदय में जोश, त्याग, समर्पण व देश प्रेम की ज्वाला प्रज्ज्वलित करता है।
राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन को छात्रा वाणी मालवीय द्वारा अपने मधुर स्वर के माध्यम से और अधिक मनोरम एवं उत्साहवर्धक बनाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रगीत वन्दे मातरम् एक स्वर ही नहीं अपितु, यह पीढ़ियों से भारतवासियों के हृदयों में एकता, उत्साह तथा समर्पण का संचार करता आया है। बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित इस अमूल्य रचना ने गुलामी की दास्तान से जूझते भारत को एक नई ऊर्जा और पहचान दी थी। गायन कार्यक्रम के बाद पुलिस अधीक्षक ने समस्त पुलिसकर्मियों के साथ पुलिस कार्यालय के दुर्गा भाभी सभागार में उपस्थित होकर नई दिल्ली से प्रसारित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा। इस अवसर पर डीएसपी चायल अभिषेक सिंह, डीएसपी कौशाम्बी जेपी पांडेय आदि मौजूद रहे। ऐसा ही कार्यक्रम जिले भर के थानों व चौकियां पर हुआ।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



