
इकरा हसन से निकाह कबूल वाले करणी सेना के योगेंद्र राणा पर शिकंजा, गिरफ्तारी के बाद रंगदारी में केस
समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन से निकाह कबूल की बातें करके वीडियो जारी करने वाले करणी सेना के योगेंद्र राणा पर शिकंजा कस गया है। पुलिस से हाथापाई में गिरफ्तारी के बाद अब रंगदारी में केस दर्ज हुआ है।
समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन को लेकर निकाह कबूल जैसी बातें करते हुए वीडियो बनाने वाले करणी सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष योगेंद्र सिंह राणा पर शिकंजा और कस गया है। यूपी के मुरादाबाद में एक दिन पहले मझोला पुलिस से मारपीट और हाथापाई में गिरफ्तारी के बाद एक और केस दर्ज हो गया है। योगेंद्र राणा, उसके भाई ओर दोस्त समेत तीन के खिलाफ कटघर थाने में रंगदारी और जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज हुआ है। यह मुकदमा उसके मोहल्ले में ही रहने वाले सुमित कुमार की तहरीर पर लिखा गया है, जिसमें उसने रंगदारी मांगने, जानलेवा हमला करने आदि का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी योगेंद्र राणा को हिरासत में ले लिया है। उसके हिरासत में लिए जाने के बाद परिजनों और समर्थकों ने थाने पर हंगामा किया। हालांकि एसपी सिटी ने पहुंच कर शांत करा दिया।
कटघर थाना क्षेत्र के पीतलनगरी निवासी सुमित कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बीते 26 नवंबर को रात करीब 8:30 बजे वह अपनी बाइक से कल्याणपुर दोस्त के यहां जा रहा था। आरोप लगाया कि कल्याणपुर बाईपास के पास पहुंचा था तभी पीतलनगरी के समरधाम कालोनी निवासी करणी सेना उपाध्यक्ष योगेन्द्र राणा अपने भाई चेतन राणा और दोस्त अंश के साथ आगे क्रेटा गाड़ी लगाकर उसे रोक लिया। आरोप है कि धमकाते हुए योगेंद्र ने कहा कि तू बड़ा नेता बन रहा है।
पीड़ित के अनुसार योगेंद्र राणा ने उससे प्रॉपर्टी में निवेश कराके मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 9 लाख रुपये लिए थे। बाद में रकम हड़प लिया। वह रकम वापस मांगने पर धमकी देने लगा। उसी विवाद में आरोपी योगेंद्र ने मझोला थाना क्षेत्र में मंडी के पास पूर्व में उससे मारपीट की थी, जिसका मुकदमा मझोला थाने में लिखा गया था। पीड़ित के उसे रोकने के बाद आरोपी योगेंद्र राणा ने धमकाते हुए कहा कि तूने मेरे खिलाफ मुकदमा लिखा रखा है और पैरवरी भी कर रहा है।
धमकी दी की पैरवी करना बंद कर दे और मुझे पांच लाख रुपये दे। ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी दी। उसी दौरान आरोपी योगेंद्र राणा ने तमंचे से जान से मारने की नियत से फायर किया, जिसमें वह बाल-बाल बचा। पीड़ित के अनुसार फायरिंग से वह डर गया और डर के कारण योगेंद्र राणा को 5 हजार रुपये देकर किसी तरह वहां से जान बचाकर निकला। पीड़ित ने पुलिस को यह भी बताया कि डर के कारण वह थाने तक नहीं पहुंच पा रहा था। बहुत हिम्मत करके थाने पर पहुंच कर तहरीर दी। इस संबंध में एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि तहरीर के आधार पर कटघर थाने में आरोपी योगेंद्र राणा, चेतन राणा और अंश के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



